हमीरपुर: झाड़ियों में मिला युवक का शव, गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान, सीओ बोले- हर पहलु पर होगी जांच
Hamirpur News: मझगवां थाना क्षेत्र स्थित गौहानी गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव गांव के बाहर जंगल की झाड़ियों में पड़ा मिला। युवक सोमवार शाम से लापता था। गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
विस्तार
हमीरपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के गौहानी गांव में मंगलवार सुबह 22 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर जंगल में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट का निशान पाया गया है। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का मामला प्रतीत हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान गौहानी गांव निवासी हरीश्चंद्र (22) पुत्र महीपत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह सोमवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह भी घर नहीं पहुंचने पर उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान गांव के बाहर जंगल में झाड़ियों के बीच उसका शव मिला। सूचना मिलने पर मझगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। सीओ राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट का निशान मिला है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।