GreenPark: 20 से 21 हजार दर्शक ही देख सकेंगे मैच, रिपोर्ट और मरम्मत कार्य से बढ़ी सीटों के आधार पर छपेंगे टिकट
Kanpur News: यूपीसीए, पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट और मरम्मत कार्य से बढ़ी सीटों के आधार पर टिकट छपवाएगा। फिलहाल, ग्रीनपार्क में 20 से 21 हजार दर्शकों की ही मैच देखने की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के ग्रीनपार्क में दर्शक क्षमता को लेकर भले ही अभी भी स्थिति साफ नहीं हुई है पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने पीडब्ल्यूडी की वर्तमान रिपोर्ट और मरम्मत से बढ़ी सीटों के अनुसार 27 सितंबर को होने वाले टेस्ट मैच के लिए टिकट छपवाने की बात कही है। इसके तहत 42 हजार दर्शक क्षमता वाले ग्रीनपार्क स्टेडियम में बमुश्किल 20 से 21 हजार दर्शकों के मैच देखने की संभावनाएं बन रही हैं।
ग्रीनपार्क के निरीक्षण के बाद पीडब्ल्यूडी की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में स्टेडियम की दर्शक क्षमता 18301 है। ई पब्लिक और सी गैलरी को जर्जर स्थिति मानते हुए इनकी सीटों को इसमें शामिल नहीं किया गया है। बाकी दीर्घाओं की सीटों में भी विभाग ने कुछ न कुछ प्रतिशत की कमी की है। हालांकि, यूपीसीए पिछले एक महीने से स्टेडियम में मरम्मत के काम करा रहा है।
इससे दर्शक क्षमता में दो से तीन हजार तक इजाफा हुआ है। यूपीसीए के नोडल अधिकारी सुजीत श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रीनपार्क सरकार के अधीन है, एसोसिएशन केवल एमओयू के तहत इसे इस्तेमाल करता है। इसलिए आगामी मैच में पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट को ही अंतिम माना जाएगा। एसोसिएशन ने प्रमुख सचिव खेल आलोक कुमार से आईआईटी या एचबीटीयू जैसे संस्थान से दर्शक क्षमता की जांच कराने की अनुमति मांगी थी।
अंतिम रिपोर्ट मिलने पर टिकट छपवाने का काम होगा शुरू
इसकी स्वीकृति के बाद एचबीटीयू को यह काम सौंपा गया है। मैच में अब कम दिन बचे हैं इसलिए पीडब्ल्यूडी की हालिया रिपोर्ट और हाल ही में कराए गए मरम्मत कार्य से बढ़ी सीटों को ही आधार मानकर टिकट छपवाने पर सहमति बनी है। शेष एचबीटीयू की अंतिम रिपोर्ट मिलने पर टिकट छपवाने का काम शुरू किया जाएगा।
एचबीटीयू सात से आठ दिन में देगा अपनी रिपोर्ट
एचबीटीयू की तकनीकी टीम ने बुधवार को ग्रीनपार्क का निरीक्षण किया था। टीम ने अपनी रिपोर्ट देने के लिए सात से आठ दिन का समय मांगा है। इसमें वह दर्शक क्षमता को लेकर सटीक आंकलन कर रिपोर्ट सौंपेगी। एचबीटीयू के प्रो. मनीष व प्रो. संजीव के अनुसार स्टेडियम काफी बड़ा है। इसलिए हमने यूपीसीए को बता दिया है कि रिपोर्ट तैयार करने में समय लगेगा।