GreenPark: आठ साल बाद भी मीडिया सेंटर की नहीं ली सुध, 2016 में तत्कालीन आईपीएल कमिश्नर ने कही थी ये बात
Kanpur News: 2016 में आईपीएल के तत्कालीन कमिश्नर राजीव शुक्ला ने जल्द से जल्द मीडिया सेंटर को कवर करवाकर वातानुकूलित करने की बात कही थी। कहा था कि इससे ब्रॉडकास्ट टीम, मीडिया कर्मचारी, कैमरामैन और तीसरी मंजिल पर बैठने वाले कमेंट्रेटरों को सुविधा मिलेगी।
विस्तार
ग्रीनपार्क स्टेडियम में एक ओर जहां दर्शक क्षमता में इजाफा नहीं हो रहा हैं, वहीं यहां पर बने मीडिया सेंटर को भी वातानुकूलित करने की कवायद सिर्फ चर्चाओं तक सीमित है। 2016 में ग्रीनपार्क में पहली बार हुए आईपीएल मैचों के दौरान तत्कालीन आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला ने मीडिया सेंटर को पूरी तरह कवर कर वातानुकूलित करवाने के साथ-साथ कमेंट्रेटरों व मीडिया कर्मियों के लिए लिफ्ट लगवाने की बात कही थी, जो वर्तमान में भी पूरी नहीं हो सकी है। 1993-94 में ग्रीनपार्क स्टेडियम में मीडिया सेंटर का निर्माण हुआ था।
इससे पहले यहां पर खिलाड़ियों के बैठने के लिए ड्रेसिंग रूम था, इसके अलावा इस ओर वीवीआईपी और कमेंट्रेटरों के बैठने की व्यवस्था थी। यह व्यवस्था 1953 से 1992 तक ऐसे ही रही। इसके बाद अन्य स्टेडियमों को देखते हुए ग्रीनपार्क में दूसरी मंजिल पर मीडिया सेंटर का निर्माण हुआ। कमेंट्रेटरों के लिए तीसरी मंजिल पर बॉक्स बनाए गए। इसके बाद से लगातार यहीं पर देश-विदेश के मीडियाकर्मी मैच कवर करने के लिए बैठते है।
2009 में भी उठाया गया था मुद्दा
ग्रीनपार्क स्टेडियम में मीडिया सेंटर को वातानुकूलित करने की मांग 2009 में हुए मैच के दौरान उठी थी। वहीं, 2016 में हुए आईपीएल मैच के दौरान आईपीएल के तत्कालीन कमिश्नर राजीव शुक्ला ने जल्द से जल्द मीडिया सेंटर को कवर करवाकर वातानुकूलित करने की बात कही थी। कहा था कि इससे ब्रॉडकास्ट टीम, मीडिया कर्मचारी, कैमरामैन और तीसरी मंजिल पर बैठने वाले कमेंट्रेटरों को सुविधा मिलेगी। इसके आठ साल बीत जाने के बाद भी मीडिया सेंटर पहले की स्थिति में ही बना हुआ है।
विदेशी मीडियाकर्मियों ने भी उठाई थी मांग
टेस्ट, अंतरराष्ट्रीय वनडे व टी-20 मैच के दौरान ग्रीनपार्क स्टेडियम में देश के साथ-साथ विदेश से भी मीडिया कर्मचारी आते हैं। 2015 में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच के समय भी पूरे मीडिया सेंटर को कवर करने की मांग की गई थी। इसके बाद 2016 में आईपीएल के मैच के दौरान भी यह मांग दोहराई गई, क्योंकि यह मैच गर्मियों में खेले गए थे। यहां इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका से आने वाले मीडिया कर्मचारियों ने इसे वातानुकूलित कराने की मांग उठाई थी।
ग्रीनपार्क स्टेडियम के मीडिया सेंटर को वातानुकूलित करने को लेकर मांग उठाई गई थी। इसको लेकर बैठक में चर्चा भी हुई है, जल्द ही इसपर काम किया जाएगा। इसको लेकर यूपीसीए पूरी तरह से सजग है। -मो. फहीम, मीडिया मैनेजर, यूपीसीए