Ganga Dussehra Accident: गंगा में डूबकर दो युवकों की मौत, गोताखोरों ने निकाला बाहर, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kannauj News: सदर कोतवाली क्षेत्र में गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में स्नान के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
कन्नौज जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के गंगा दशहरा पर्व पर बड़ा हादसा हो गया। महादेवी गंगा घाट पर गंगा स्नान करने आए दो युवक गहरे पानी डूब गए। दोनों युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद गोखाखोरों ने गंगा में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों को बाहर निकाल लिया।
परिजन दोनों युवकों को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। तालग्राम थाना क्षेत्र के अमोलर गांव निवासी ऋषि (19) पुत्र बृजेश कुमार अमोलर अपने साथी अताईपुर गांव निवासी कौशल (20) पुत्र सुभाष के साथ दशहरा पर्व पर महादेवी गंगा घाट पर स्नान करने आया था।
स्नान करने के दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गए, जिससे दोनों डूबने लगे। दोनों युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद गोताखोरों ने बचाने के लिए छलांग लगा दी। काफी जद्दोजहद के बाद गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व अन्य अफसर मौके पर पहुंच गए।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आनन-फानन में दोनों को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने चेकअप करने के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।