Kanpur Dehat: सपा-भाजपा समर्थकों में मारपीट, पथराव में कई घायल, भाजपाइयों का चौकी पर हंगामा
Kanpur Dehat: अध्यक्ष पद की सपा प्रत्याशी के समर्थक की स्कूटी चेक करने को लेकर विवाद हुआ। इसमें सपा-भाजपा समर्थकों में जमकर मारपीट और पथराव हो गया। घटना से गुस्साए भाजपाइयों ने चौकी पर जमकर हंगामा किया।
विस्तार
कानपुर देहात में सपा और भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। झगड़े में भाजपा के एक कार्यकर्ता का हाथ फ्रैक्चर हो गया। भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी अमित राजपूत समेत पांच लोग और दूसरे पक्ष के कई लोग जख्मी हो गए।
वहीं, सपा प्रत्याशी की कार क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि अकबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद की सपा प्रत्याशी के समर्थक की स्कूटी चेक करने को लेकर विवाद हुआ। सूचना पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी में हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा किया।
चौकी प्रभारी पर पक्षपात का आरोप लगाकर बदसलूकी की। चौकी प्रभारी को चौकी से हटाने और जांच कराकर कार्रवाई करने के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। अकबरपुर कस्बे में बुधवार देर रात सपा प्रत्याशी दीपाली सिंह के दो समर्थक स्कूटी से कुछ सामान लेकर जा रहा था।
मतदाताओं को लुभाने का आरोप
अकबरपुर के बाढ़ापुर रोड पर भाजपा के जिला से जुड़े कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। स्कूटी की चेकिंग की। आरोप लगाया है कि सपा प्रत्याशी समर्थक मतदाताओं को लुभाने के कुछ सामान बांटने जा रहा था। इधर, समर्थक को पकड़े जाने की खबर मिलते ही सपा प्रत्याशी समर्थक भी वहां पहुंच गए।
मारपीट और पथराव में कई जख्मी
देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। लाठी-डंडे चल गए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता ओमजी कश्यप के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। पार्टी के जिला सह मीडिया प्रभारी अमित राजपूत, अमन प्रजापति, रुद्र और कृष्णा जख्मी हो गए। झगड़े के दौरान सपा प्रत्याशी के कई समर्थक भी जख्मी हुए हैं।
पुलिस चौकी पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता
सपा प्रत्याशी के पति गुड्डन सिंह का कहना है कि बवाल के दौरान विपक्षी दल के लोगों ने पथराव करके उनकी कार क्षतिग्रस्त कर दी। घटना की सूचना गुरुवार की सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी अविनाश सिंह तक पहुंची, तो वह कार्यकर्ताओं के साथ अकबरपुर पुलिस चौकी पहुंच गए।
भाजपा का आरोप- शराब बांटने जा रहे थे सपा समर्थक
सपा-भाजपा समर्थकों के बीच हुई मारपीट की मामला केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ तक पहंच गया है। संदीप नाम के एक शख्स ने ट्वीटर के माध्यम से कहा गया है कि पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अकबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद की पार्टी प्रत्याशी ज्योत्सना कटियार के पक्ष में प्रचार कर रहे थे।
स्कूटी की डिग्गी में रखी थी शराब
बुधवार देर रत सपा प्रत्याशी के दो समर्थक अकबरपुर में एक स्थान पर स्कूटी में कुछ सामान डिग्गी में रख रहे थे। शक होने पर बाढ़ापुर में स्कूटी रोक कर चेक की गई, तो उसमें शराब रखी मिली। आरोप है कि शराब बरामद होने पर सपा समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया।
तहरीर में सात के नाम व अन्य शामिल
सपा और भाजपा समर्थकों के बीच हुए झगड़े में घायल ओमजी ने अकबरपुर थाने में दी तहरीर में लिखा है कि बुधवार की रात वह अभिकर्ताओं को सामग्री देकर वापस आ रहा था। बाढ़ापुर रोड पर कुछ लोग आए और उसे घेर लिया। मतदान से जुड़ी सामग्री छीन ली। गाली-गलौज करते हुए पीटा। इससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।