{"_id":"68f137f3d10a7875c00e86f4","slug":"fatehpur-rahul-gandhi-s-visit-to-fatehpur-will-spend-30-minutes-with-hariom-valmiki-s-family-2025-10-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Fatehpur: राहुल गांधी का फतेहपुर दौरा आज, हरिओम वाल्मीकि के परिवार के साथ रहेंगे 30 मिनट; प्रशासन सतर्क","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Fatehpur: राहुल गांधी का फतेहपुर दौरा आज, हरिओम वाल्मीकि के परिवार के साथ रहेंगे 30 मिनट; प्रशासन सतर्क
Fri, 17 Oct 2025 12:25 AM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फतेहपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फतेहपुर
Published by: शिखा पांडेय
Updated Fri, 17 Oct 2025 12:25 AM IST
सार
बृहस्पतिवार पूरी रात चप्पे-चप्पे पर तैनात फोर्स रही। राहुल के 30 मिनट ने प्रशासन को 42 घंटे तक चकरघिन्नी बनाया।
विज्ञापन
पुलिस का पहरा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह सवा नौ बजे तुराब अली का पुरवा पहुंचेंगे। यहां वे हरिओम वाल्मीकि के परिवार संग 30 मिनट रहेंगे। इसी 30 मिनट के कार्यक्रम ने प्रशासनिक अधिकारियों को 42 घंटे तक चकरघिन्नी बनाए रखा। बुधवार शाम चार बजे राहुल गांधी का कार्यक्रम जिला प्रशासन को मिला। इसके बाद से लेकर बृहस्पतिवार का पूरा दिन पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की गाड़ियां सिर्फ शहर क्षेत्र के तुराब अली का पुरवा में रहने वाले हरिओम की गली का चक्कर काट रही हैं। यह सिलसिला शुक्रवार को सुबह पौने दस बजे राहुल की वापसी तक बरकरार रहेगा।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को कांग्रेसी तो क्या पड़ोस के लोगों को भी हरिओम के परिवार वालों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। राहुल गांधी का कार्यक्रम सुबह जल्दी होने के कारण बृहस्पतिवार की रात से ही हरिओम के घर ही नहीं आसपास की गलियों और पुराने जीटी रोड तक के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही।
विज्ञापन
एक घंटे तक हरिओम की गली का आवागमन रहा बाधित
बृहस्तपतिवार सुबह 11 बजे ही डीएम रविंद्र सिंह और एसपी अनूप सिंह अफसरों के काफिले के साथ तुराब अली का पुरवा पहुंचे। साथ में सीओ सिटी और एडीएम भी मौजूद रहे। अफसरों की गाड़ियां जैसे ही हरिओम की गली में पहुंची, गली के मुहाने तैनात पुलिस कर्मियों ने वाहनों का आवागमन रोक दिया। लोगों को चक्कर काटकर अपने घरों तक जाना पड़ा। करीब एक घंटे तक दोनों अधिकारी हरिओम के परिजनों से मिले और राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी कराते रहे। पैदल आने-जाने वालों को ही गली में प्रवेश दिया गया। करीब एक घंटे बाद जब दोनों अधिकारी लौटे, तब पुलिसकर्मियों ने वाहनों का आवागमन शुरू कराया।
विज्ञापन
आनन-फानन में खींचे गए बिजली के तार, जुटी सफाई कर्मियों की टीम
डीएम-एसपी के जाने के बाद शुरू हुआ सुरक्षा व्यवस्था और सफाई का सिलसिला जारी रहा। बिजली विभाग के कर्मियों को बुलाकर विशेष लाइन हरिओम के घर तक खींची गई, ताकि बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार सुबह बिजली की कोई अव्यवस्था न हो। नगर पालिका के सफाई कर्मियों की टीम लगाकर सड़कों से कूड़ा और नालियों से सिल्ट उठवाई गई। इस दौरान इलाकाई लोग बोले, ऐसे ही बीच-बीच में वीआईपी आते रहे तो सफाई बनी रहेगी। इसके बाद जितने भी अधिकारी मौके पर पहुंचे, सभी अपनी गाड़ियों से संकरी गलियों से पूरे रूट की सुरक्षा व्यवस्था देखते रहे।
दरवाजे बंद कर परिजन से बात करता रहा प्रशासन
बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर के तीन बजे तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी खुद कुर्सी डालकर हरिओम के घर पर डटे रहे। इस दौरान किसी को भी भीतर जाने नहीं दिया गया। एक तरह से पूरा परिवार नजरबंद सा रहा। तीन बजे के बाद भी बाहर तैनात फोर्स ने घर के भीतर आने-जाने की मनाही रखी। बताया जा रहा है कि इस दौरान अधिकारी परिवार से उनकी प्रमुख मांगे और राहुल गांधी से की जाने वाली प्रमुख बातों के बारे में ही चर्चा करते रहे।
ये है मामला
फतेहपुर के तुराब अली का पुरवा निवासी हरिओम वाल्मीकि एक अक्तूबर को रायबरेली के ऊंचाहार स्थित ससुराल जा रहे थे। यहां रात करीब एक बजे ऊंचाहार निवासी लोगों ने उसे चोर समझ पीटकर मार डाला था। हरिओम के पिता का दावा था कि इस दौरान उसने नाम-पता भी बताया, राहुल गांधी का नाम लिया, लेकिन लोगों ने एक नहीं सुनी और पीटकर मार डाला। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर राजनीति गर्मा गई।