Fatehpur: लेखपाल की आत्महत्या के बाद आक्रोश, 26 नवंबर को होनी थी शादी; लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर किया प्रद
Fatehpur News: फतेहपुर में शादी से एक दिन पहले लेखपाल सुधीर कुमार की आत्महत्या के बाद, बुधवार को लेखपालों ने अधिकारियों पर कार्रवाई न होने से नाराज़ होकर कार्य बहिष्कार और जनपद स्तरीय प्रदर्शन किया।
विस्तार
फतेहपुर जिले में लेखपाल सुधीर कुमार की आत्महत्या के बाद बुधवार को जनपद के लेखपालों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। सभी तहसीलों के लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर सदर तहसील परिसर में जनपद स्तरीय प्रदर्शन किया। बताया गया कि 25 नवंबर को लेखपाल सुधीर कुमार ने अधिकारियों की कथित प्रताड़ना से दुखी होकर आत्महत्या कर ली थी, जबकि 26 नवंबर को उनकी शादी होनी थी। घटना के बाद से मामला लगातार गरमाया हुआ है।
प्रदर्शन कर रहे लेखपालों ने आरोप लगाया कि राजस्व निरीक्षक संजय कुमार पर कार्रवाई न होने से कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है। लेखपालों ने चेतावनी दी कि जब तक संबंधित अधिकारी पर एफआईआर दर्ज कर निलंबन नहीं किया जाता, आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। हालांकि पुलिस ने 26 नवंबर को राजस्व निरीक्षक शिवराम और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है, लेकिन लेखपालों का कहना है कि प्रताड़ित करने वाले जिम्मेदार अधिकारी अभी भी कार्रवाई से बाहर हैं।
एसआईआर सहित राजस्व कार्य ठप
आंदोलन का सीधा असर राजस्व कार्यों पर पड़ा है। एसआर्इआर, नामांतरण, खतौनी संशोधन और भूमि लेखा जैसे सभी कार्य ठप हो गए हैं, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला स्तरीय इस प्रदर्शन में सदर, बिंदकी और खागा तहसील के लेखपाल बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।