Farrukhabad: डीसीएम की टक्कर से पलटा टेंपो, अंतिम संस्कार से लौट रहा था परिवार, एक की मौत और आठ गंभीर घायल
Farrukhabad News: कमालगंज में भटपुरा मोड़ के पास डीसीएम की टक्कर से एक टेंपो पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि चालक समेत आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज कोतवाली क्षेत्र में कन्नौज जनपद में स्थित रिश्तेदारी में अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहा एक ही परिवार से भरा टेंपो बृहस्पतिवार दोपहर हादसे का शिकार हो गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे भटपुरा मोड़ के निकट फतेहगढ़ की ओर से जा रही डीसीएम ने जाेरदार टक्कर मार दी। इससे बेकाबू हुआ टेंपो सड़क पर पलट गया।
हादसे में कस्बा के मोहल्ला किदवई नगर निवासी रहीशुद्दीन (50) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी नसरीन (50), पुत्र कामरान (25), पुत्री नगमा (30), दामाद तालिब (25), भतीज बहु राजिया (40), अमरीन (32), गुड्डन (40) व टेंपो चालक कन्नौज जिला के गुरसहायगंज कस्बा के श्रीमंत मोहल्ला निवासी अफसर अली (50) घायल हो गए।
डीसीएम छोड़कर चालक फरार
घटना के बाद चालक डीसीएम मौके पर ही छोड़ कर भाग गया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। राहगीरों की भीड़ ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां चिकित्सक विकास पटेल ने घायलों का उपचार किया। प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच डीसीएम कब्जे में लेकर घायलों से पूछताछ की।