Farrukhabad: एक दशक से बिना पंजीकरण चलते मिला डॉ. जाकिर हुसैन हेल्थ केयर सेंटर, CMO ने तीन दिन में मांगा जवाब
फर्रुखाबाद में एक दशक से बिना पंजीकरण के डॉ. जाकिर हुसैन हेल्थ केयर सेंटर चलते मिला। सीएमओ ने तीन दिन में जवाब मांगा है। जवाब न मिलने पर एफआईआर की चेतावनी दी है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में नवाबगंज स्थित पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के जाकिर हुसैन ट्रस्ट का डॉ. जाकिर हुसैन हेल्थ केयर सेंटर साल 2013 से बिना पंजीकरण के चल रहा है। मंगलवार को सीएमओ यहां निरीक्षण के लिए पहुंचे तो मामला सामने आया। सीएमओ ने देर शाम ट्रस्ट को नोटिस भेजकर तीन दिन में जवाब मांगा है। जवाब न देने पर एफआईआर की चेतावनी दी है।
कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के नाना व पूर्व राष्ट्रपति जाकिर हुसैन के नाम से नवाबगंज में ट्रस्ट है। पूर्व विदेश मंत्री की पत्नी पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद इसकी देखरेख करती हैं। दिव्यांग उपकरण घोटाले के मामले में जाकिर हुसैन ट्रस्ट को पूर्व में सीज किया जा चुका है। इसमें अभी डॉ. जाकिर हुसैन हेल्थ केयर सेंटर संचालित हो रहा है। 2013 में इसकी शुरुआत हुई थी। ट्रस्ट के पास दो दिन पहले डॉक्सीसाइक्लिन (एंटीबॉयोटिक) के 18 हजार कैप्सूल फेंके गए थे। इसके चलते सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने कालाबाजारी के शक में जाकिर हुसैन ट्रस्ट में चल रहे हेल्थ केयर सेंटर की जांच की।
सीएमओ पूछेंगे तो जवाब देंगे
पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद ने बताया कि डॉ. जाकिर हुसैन हेल्थ केयर सेंटर के पंजीकरण के संबंध में उनके प्रतिनिधि उजैर खां को ही जानकारी होगी। इस संबंध में फोन पर हुई बातचीत में उजैर खां ने बताया कि 2013-14 से अस्पताल में ओपीडी शुरू है। पंजीकरण के संबंध में पता करेंगे।