Farrukhabad Crime: रात में युवक की हत्या, सुबह संदिग्ध हालात में पिता की मौत
यूपी के फर्रुखाबाद में युवक की हत्या के बाद पिता का शव खेत में पड़ा मिला। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में शमसाबाद थाना क्षेत्र के सहरईया गांव में शुक्रवार देर रात युवक की हत्या कर दी गई। सुबह संदिग्ध हालात में उसके पिता का शव खेत में पड़ा मिला। चचेरे भाई ने ताऊ पर ही पुत्र की हत्या करने व इसी सदमे में मौत हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम में पुत्र की गर्दन व सिर में आई चार गंभीर चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। पिता की मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है।
थाना क्षेत्र के गांव सहरईया निवासी रामनिवास वर्मा (50) खेती करते थे। पुत्र कुलदीप उर्फ बंटी (25) शराब पीने का आदी था। शनिवार की सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने रामनिवास का शव राजेंद्र के खेत पर एक बोरे के ऊपर पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन रामनिवास का शव घर ले आए। कुलदीप के घर पर न होने से उसकी तलाश की गई तो दूसरे मकान की छत पर कुलदीप का शव गद्दे पर पड़ा मिला। उसके सिर व गर्दन से खून निकल रहा था।
शव के पास में मोबाइल, ईयरफोन, तंबाकू की पुड़िया और जूते पड़े थे। एसपी विकास कुमार, एएसपी डॉ संजय कुमार, सीओ कायमगंज सत्येंद्र सिंह सहित फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। चचेरे भाई अवधेश ने ताऊ रामनिवास के खिलाफ कुलदीप की हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कुलदीप शराब पीने का आदी था। दोनों में शुक्रवार को झगड़ा हुआ था। कुलदीप दूसरे मकान की छत पर सो गया।