Etawah: वीडियो बनाकर महिला ने लगाया फंदा, चार लोगों को ठहराया जिम्मेदार, पति बोला- फंदे पर लटकी मिली पत्नी
Etawah News: सिविल लाइन थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में कानपुर निवासी और बढ़पुरा ब्लॉक में तैनात लिपिक की पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले मृतका ने एक वीडियो बनाकर दो महिलाओं समेत चार लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है और पति को पूरी तरह बेकसूर बताया है।
विस्तार
इटावा जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में सोमवार रात एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने एक वीडियो बनाकर अपनी मौत के लिए दो महिलाओं समेत चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान कोमल मिश्रा (26) पत्नी सौरभ द्विवेदी के रूप में हुई है। सौरभ मूल रूप से कानपुर नगर के थाना कल्याणपुर क्षेत्र के जगतपुरी का निवासी है और वर्तमान में बढ़पुरा ब्लॉक में लिपिक के पद पर तैनात है। दंपती सिविल लाइन क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। सोमवार रात कोमल ने घर के अंदर चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
दो महिलाओं और दो युवकों के नाम लिए
आत्मघाती कदम उठाने से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें दो महिलाओं और दो युवकों के नाम लेते हुए कहा कि वह इन्हीं लोगों की वजह से आत्महत्या कर रही है। वीडियो में उसने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उसका परिवार बर्बाद कर दिया है। साथ ही उसने यह भी कहा कि उसका पति बहुत अच्छा है और उसकी मौत के लिए उसे जिम्मेदार न माना जाए।
महिला को नीचे उतारा और जिला अस्पताल ले गए
पति सौरभ द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि जब वह घर पहुंचे, तो कोमल फंदे पर लटकी हुई मिली। शोर मचाने पर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर उसे नीचे उतारा और तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वीडियो को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।