इटावाः खेत में पड़ी बबूल की झाड़ को लेकर हुए विवाद में चली लाठियां, बीचबचाव में आए वृद्ध की मौत, चार घायल
बढ़पुरा थाना क्षेत्र के पूठन का अड्डा गांव में दो सगे भाई उजागर और सोनेलाल का घर अगल बगल है। दोनों मकान उनके खेत में बने हैं। उजागर के बेटों ने खेत में बबूल के झाड़ लगा रखे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे वृद्ध सोनेलाल (82) का बेटा बृजेंद्र उर्फ कालिया (43) घर आते समय इसी झाड़ में उलझ कर गिर गया। उसने झाड़ को हटाने की कोशिश की तभी उजागर के लड़के बृजेश ने गाली गलौज शुरू कर दी।
इससे विवाद बढ़ गया। इस पर दोनों परिवारों के लोग लाठियां लेकर सामने आ गए। शोर शराबा सुनकर वृद्ध सोनेलाल ने बाहर आकर बेटे बृजेश को बचाने का प्रयास किया। तभी लाठी पड़ने से उनका सिर फूट गया। लहूलुहान होकर वह जमीन पर गिर गए। उनकी पुत्रवधू साधना पत्नी भूरे भी बीच बचाव के प्रयास में जख्मी हो गई। लाठी डंडे चलने से दूसरे पक्ष के उजागर और उनका बेटा नीतेंद्र घायल हो गया।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। उदी चौकी प्रभारी वीनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। घायल सोनेलाल, बृजेंद्र, साधना, उजागर, नीतेंद्र को सीएचसी पहुंचाया। जहां से सभी को जिला अस्पताल भेज दिया गया। मंगलवार रात ही सोनेलाल पुत्र बादशाह सिंह की जिला अस्पताल में मौत हो गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि विवाद में लाठी डंडे चलने से दोनों पक्ष के लोग घायल हो गए। पुलिस को अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।