Hamirpur: गेम खेल रहे आठवीं के छात्र ने फंदा लगाकर जान दी, परिजनों ने नहीं कराया शव का पोस्टमार्टम
Hamirpur News: राठ कोतवाली क्षेत्र में गेम खेलते समय आठवीं कक्षा के बच्चे ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी है और न ही पोस्टमार्टम करवाया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में कक्षा आठवीं के छात्र ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि किशोर मोबाइल पर गेम खेल रहा था और गेम ने ही उसकी जान ले ली। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
राठ के पठानपुरा मोहल्ला निवासी रामप्रताप अहिरवार ने बताया कि वह तहसील में संग्रह अनुसेवक के पद पर है। उनके छोटे बेटे मनीष कुमार (14) ने शुक्रवार सुबह दस बजे कमरे का दरवाजा बंद कर चादर के सहारे पंखे से फंदा लगा लिया।
कुछ देर बाद जब वह कमरे के पास गए, तो देखा कि अंदर से दरवाजा बंद है। आवाज लगाने से दरवाजा न खुलने पर गेट तोड़कर अंदर गए जहां मनीष फंदे से लटका हुआ था। फंदे से उतारकर सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक किशोर नगर के एक विद्यालय में कक्षा आठवीं का छात्र था।
थाने में किसी ने नहीं दी है सूचना
परिजनों ने बताया कि छह माह से अपना ज्यादातर समय वह मोबाइल पर ही बिता रहा था। एक महीने पहले जब उन्हें पता चला कि वह मोबाइल पर गेम खेलता है। इस पर उसे ऐसा करने से रोका गया था, लेकिन वह नहीं माना। मौत पर मां ओमवती व दो भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल उमेश कुमार सिंह ने कहा कि थाने में किसी ने सूचना नहीं दी है।