Kanpur: वीआईपी मूवमेंट व परीक्षा के चलते रेंगते रहे वाहन, यातायात विभाग व पुलिस करती रही मशक्कत
Kanpur News: जेके मंदिर वाले डायवर्जन की वजह से मरियमपुर से लेकर हैलट, गोल चौराहे के अलावा गुटैया क्रासिंग, काकादेवी व मोतीझील के आसपास असर दिखा। वहीं, किदवईनगर वाले कार्यक्रम की वजह से पूरे दक्षिण में वाहन दिनभर रेंगते दिखे।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कानपुर दौरे और विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होने वाली पीईटी की परीक्षा के चलते यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए लागू की गई डायवर्जन व्यवस्था का खास असर नहीं हुआ। वीआईपी मूवमेंट व लाभार्थियों को लाने वाली बसों व अन्य वाहनों को भले ही आसानी से गुजारा गया, लेकिन उसकी वजह से शहर के अलग-अलग हिस्सों में शहरियों को जाम और रेंगते वाहनों के हुजूम से जूझना पड़ा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए लोगों के अलावा अलावा बड़ी संख्या में छात्र और उनके अभिभावक शहर में परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे। इसके चलते दिनभर यातायात पुलिस व स्थानीय पुलिस पूरे दिन जाम न लगने देने और वाहनों की आवाजाही बरकरार रखने के लिए मशक्कत करती रही। शहर के कुछ हिस्सों में मुख्य रास्तों पर ट्रैफिक के भारी दबाव के चलते लोगों ने छोटी व संकरी गलियों का रुख कर लिया।
कार्यक्रम की वजह से पूरे दक्षिण में वाहन दिनभर रेंगते दिखे
इसकी वजह से तंग गलियों में भी आम दिनों की तुलना में ज्यादा वाहन दौड़ते रहे। मुख्यमंत्री के जेके मंदिर और किदवईनगर में चिरंजीलाल राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में दो कार्यक्रम हुए। इस दौरान जेके मंदिर के आसपास और कॉलेज के आसपास डायवर्जन लगाया गया। जेके मंदिर वाले डायवर्जन की वजह से मरियमपुर से लेकर हैलट, गोल चौराहे के अलावा गुटैया क्रासिंग, काकादेवी व मोतीझील के आसपास असर दिखा। वहीं, किदवईनगर वाले कार्यक्रम की वजह से पूरे दक्षिण में वाहन दिनभर रेंगते दिखे।