Kanpur: डॉ. रिजवान की पत्नी ने बनवाए थे फर्जी दस्तावेज, पुलिस ने हिना को बनाया मुख्य आरोपी
बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान व उसके परिवार की जांच में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब पुलिस ने खुलासा किया है कि रिजवान की पत्नी हिना ने फर्जी दस्तावेज बनवाए थे। इन्हीं दस्तावेजों के सहारे एक प्रतिष्ठित स्कूल में दाखिला कराया था।
विस्तार
कानपुर में बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। उसकी पत्नी हिना ने फर्जी दस्तावेजों (आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, कोलकाता की टीसी आदि) के सहारे बच्चों का दाखिला शहर के प्रतिष्ठित स्कूल में कराया था।
पुलिस अब हिना को जांच में मुख्य आरोपी बनाते हुए चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। मूलगंज पुलिस ने 11 दिसंबर को डॉ. रिजवान मोहम्मद, पत्नी हिना, ससुर खालिद, बेटी रुखसाना और दो नाबालिग बेटों को जेल भेजा था। वो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में रह रहे थे।
पुलिस को इंपीरियल हाउस स्थित फ्लैट से तमाम कूटरचित दस्तावेज मिले थे। इसमें आधार कार्ड, पासपोर्ट, बच्चों के टीसी व अंक पत्र भी शामिल थे। पुलिस ने जब बच्चों के दस्तावेजों की जांच के लिए डॉ. रिजवान को कस्टडी रिमांड पर लेकर कोलकाता गई, तो सारी कहानी दस्तावेजों की तरह फर्जी निकली।
बच्चों की टीसी और अंकपत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद पुलिस ने फर्जी दस्तावेज रिजवान के सामने रखकर पूछताछ की, तो उसने बताया कि हिना ने सारे दस्तावेज बनवाए थे। इसके पुलिस हिना को मुख्य आरोपी बनाया है। जल्द ही चार्जशीट भी दाखिल कर दी जाएगी।
रिजवान ने खुद को बताया बेगुनाह, पत्नी को आरोपी
रिजवान ने बताया था कि उसने वर्ष 1998 में कानपुर के मैदा बाजार निवासी खालिद की बेटी हिना से दिल्ली में निकाह किया था। इसके बाद वह चोरीछिपे कोलकाता होते हुए सड़क मार्ग से पत्नी समेत बांग्लादेश लौट गया। हिना ने वहां तीनों बच्चों को जन्म दिया।
वर्ष 2016 में हिना के कहने पर पत्नी व बच्चों के साथ अवैध रूप से दोबारा बंगाल के रास्ते भारत में घुसा और कानपुर चला आया। यहां हिना ने पुराने रिश्तेदारों और परिचितों, विधायक इरफान सोलंकी और स्थानीय पार्षद की मदद से फर्जी दस्तावेज बनाए और पूरा परिवार यहां का निवासी बन गया।
अब तक की जांच में हिना के मुख्य आरोपी होने की बात सामने आई है। हिना ने ही अपने तीनों बच्चों के फर्जी दस्तावेज बनवाए थे। जल्द ही मामले की चार्जशीट दाखिल की जाएगी। -आनंद प्रकाश, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर