‘योगी राज’ में मनचलों का बड़ा दुस्साहस, थाने से ‘लड़की का किडनैप’
सीएम योगी अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए भले ही बड़े से बड़े एक्शन ले रहे हों लेकिन ‘कानून का खौफ’ क्रिमिनल्स के सामने बौना साबित होता जा रहा है। सोमवार को यूपी के चित्रकूट में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता ऐसा ही एक मामला सामने आया। बोलेरो से आए कुछ युवक सोमवार सुबह महिला थाने का सुरक्षा घेरा तोड़कर किशोरी को साथ ले गए। घटना की जानकारी होते ही पूरे विभाग के होश उड़ गए। बड़ी तादाद में पुलिस लड़की तलाश में जुटी रही। देर रात तक कोई सफलता नहीं मिली। चौकी प्रभारी ने किशोरी के अपहरण के आरोपी युवक पर ही उसे ले जाने का संदेह जताया है।
चित्रकूट में शिवरामपुर क्षेत्र के एक गांव की किशोरी दो अप्रैल को घर से लापता हो गई थी। पिता ने कोतवाली में शिवरामपुर निवासी निक्की बहेलिया के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल की रात पुलिस को किशोरी रामघाट के पास से मिली। इस दौरान अपहरणकर्ता भाग निकला। शिवरामपुर पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराया। सोमवार को उसे अदालत में पेश कर बयान दर्ज कराने के लिए शिवरामपुर पुलिस मुख्यालय लाई। उसे महिला थाने में रखा गया था।
किशोरी सोमवार सुबह महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के बीच बैठी थी। शिवरामपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि एक बोलेरो से कुछ लोग उनसे मिलने आए और बातचीत करने लगे। पूरा स्टाफ अपने काम में व्यस्त था तभी किशोरी बहाना बनाकर बाहर की ओर आ गई और बोलेरोे से आए युवक उसे बैठाकर ले गए। शिवरामपुर चौकी प्रभारी ने नाबालिग के अपहरण के नामजद आरोपी पर ही उसे साथ ले जाने का संदेह जताया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को डर था कि किशोरी के अदालत में बयान देने के बाद वह फंस जाएगा। इसी से उसे फिर अगवा कर लिया।