फतेहपुर: तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत और दूसरा घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
Fatehpur News: बांदा-कानपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार देर रात ढाबे पर खाना खाने जा रहे दो बाइक सवार दोस्तों को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
फतेहपुर जिले के बहुआ कस्बे में ढाबे पर खाना खाने जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी गाजीपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ललौली थाना क्षेत्र के अढ़ावल गांव निवासी सज्जन गुप्ता का पुत्र आदित्य गुप्ता (20) बृहस्पतिवार रात करीब 11:50 बजे अपने दोस्त कोर्राकनक के भुलिया डेरा गांव निवासी जयकरन निषाद (22) के साथ बाइक से ढाबे पर खाना खाने जा रहा था। दोनों ललौली से बंधवा की ओर जा रहे थे। बांदा-कानपुर हाईवे पर ललौली शराब ठेके के पास बंधवा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर पहुंचे परिजन दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी गाजीपुर ले गए। वहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल जयकरन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आदित्य की मौत से मां रन्नो देवी और बहन मोहिनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता सज्जन गुप्ता ने अज्ञात ट्रक और उसके चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि ट्रक और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।