कानपुर पनकी में बुधवार तड़के गश्त के दौरान पकड़ने पर बदमाश ने पनकी मंदिर चौकी प्रभारी अनुराग सिंह को गोली मार दी। गोली अनुराग की ठुड्डी पर लगी और वह लहूलुहान होकर गिर गए। उनका हमराह सिपाही दुबक गया और बदमाश भाग निकले। बाद में सिपाही चौकी प्रभारी को हैलट अस्पताल ले गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस अफसर कई थानों की फोर्स और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने 12 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है, लेकिन अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा है। उधर, दोपहर को चौकीप्रभारी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी अनुराग सिंह हमराह सिपाही गिरजेश कुमार के साथ गश्त कर रहे थे। तड़के लगभग 3:00 बजे दोनों बुलेट से गश्त करते हुए गंगागंज-भाग एक से कपली मोड़ जाने वाले रास्ते पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने बताया कि कपली मोड़ के पास उन्हें एक युवक संदिग्ध हालात में खड़ा नजर आया। उसने काले रंग का शाल ओढ़ रखा था। वह बुलेट से वहां पहुंचे तो युवक शॉल छोड़कर पैदल भाग निकला। पीछा किया तो बदमाश बृजेश तिवारी के घर के बाहर खड़ी कार के नीचे दुबक गया। चौकी प्रभारी ने सिपाही की मदद से बदमाश को दबोच लिया। इस पर उसने साबड़ से वार कर दिया। यह देख सिपाही ने उसकी डंडे से पिटाई शुरू कर दी। सिर पर डंडा लगने से उसका सिर फट गया। इसके बाद बदमाश ने अपनी कमर में खुंसा तमंचा निकाला और उन पर गोली चला दी।