शिवली (कानपुर देहात)। कोतवाली क्षेत्र के रास्तपुर गांव में शनिवार की रात नशे में गालीगलौज करने का विरोध करने पर एक ही परिवार के लोगों ने मंदिर के महंत पर हमला कर दिया। महंत का आरोप है कि चार लोगों ने लाठी, डंडा, सरिया से मारपीट करने और तमंचा से फायर करने का आरोप लगाया। बताया कि फायर मिस होने से जान बच गई। मारपीट का विरोध करने वालों में वह व अन्य चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
कोतवाली शिवली के राजपुर गांव स्थित छोटे महाराज हनुमान मंदिर में महंत धीरज त्रिपाठी हैं। शनिवार की देर शाम वह अपने घर पर बैठे हुए थे। बताते हैं तभी गांव निवासी गुलाब सिंह यादव नशे की हालत में गालीगलौज करने लगा। मना करने पर वह बेटे सर्वेश यादव, नरेश व सुरेश को बुला कर लाया और घर मे घुसकर महंत की लाठी, डंडा, सरिया से पिटाई की। बीच-बचाव करने के लिए आए लोगों के साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर कुछ लोग आए तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटा। आरोप है कि इसी दौरान नरेश ने तमंचा से फायर किया जो मिस हो गया। इसके बाद सभी धमकी देकर भाग गए। बताया कि बचाने आए राजू अवस्थी, विनय कुमार, विजय किशोर, आलोक त्रिवेदी को चोटें आई हैं। थाना प्रभारी वीरपाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।