Kanpur: कलक्ट्रेट की बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण शुरू, दो साल में करनी है तैयार, जानिए क्या होंगी सुविधाएं
कलेक्ट्रेट परिसर में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण शुरू हो गया है। निर्माण की अवधि घटाकर दो साल कर दी गई है। इससे कचहरी के आसपास से लेकर वीआईपी रोड तक में जाम से राहत मिलेगी।
विस्तार
कानपुर कलक्ट्रेट में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण शुरू हो गया है। यातायात व्यवस्था न बिगड़े, इस वजह से रात में खोदाई कराई जा रही है। पार्किंग का निर्माण दो साल में पूरा करना है। पहले यह अवधि ढाई साल थी। इस सात मंजिला पार्किंग में 596 चार पहिया और दो पहिया वाहन खड़े हो सकेंगे।
पार्किंग बन जाने से कचहरी के आसपास और वीआईपी रोड को जाम से राहत मिलेगी। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (केएससीएल) की तरफ से कलक्ट्रेट में 49.47 करोड़ रुपये से पार्किंग का प्रस्ताव पिछले साल स्वीकृत हुआ था। जल निगम की निर्माण इकाई सी एंड डीएस को कार्यदायी संस्था घोषित किया गया था।
इस संस्था ने आठ माह पहले टेंडर भी करा लिए थे। पहले नजूल की जमीन की शासन से एनओसी न मिलने और बाद में सात पेड़ों को काटने में वन विभाग की देरी की वजह से काम नहीं शुरू हो सका था। ये बाधाएं दूर होने के बाद संस्था ने काम शुरू कर दिया है।
ऐसी होगी पार्किंग
पार्किंग में दो बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर के ऊपर चार मंजिल बननी हैं। इसमें 398 कारें और 198 दो पहिया वाहन खड़े हो सकेंगे। वहीं, ऊपरी मंजिलों तक वाहनों को पहुंचाने के लिए हाइड्रोलिक लिफ्ट भी लगेगी।
पार्किंग का निर्माण शुरू हो गया है। पहले निर्माण अवधि ढाई साल तय थी, पर एनओसी में विलंब की वजह से अब यह समय घटाकर दो साल कर दिया गया है। - रंजीत कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर, सी एंड डीएस