Hardoi: प्रधानाध्यापक की विदाई पर बच्चे हुए इमोशनल, रोते हुए बोले- 'मत जाइये सर', अभिभावक भी हुए भावुक
Hardoi News: पिहानी कस्बे में उच्च प्राथमिक विद्यालय से एक भावुक करने वाला वीडियो सामने आया है। प्रधानाध्यापक की विदाई समारोह के दौरान छात्र-छात्राएं फूट फूट कर रोने लगे और पूरा माहौल गमगीन हो गया।
विस्तार
हरदोई जिले के पिहानी कस्बे में उच्च प्राथमिक विद्यालय इटारा में प्रधानाध्यापक काली चरन के सेवा काल की समाप्ति के बाद विदाई आयोजित समारोह में छात्र फूट-फूटकर रोने लगे। इस मंजर ने मौजूद स्टॉफ और स्मभ्रांत लोगों की आंखें भी नम कर दीं।
पिहानी कस्बे के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी काली चरन उच्च प्राथमिक विद्यालय, इटारा में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात रहे। 62 वर्ष की आयु पूरी हो जाने के बाद वह सेवानिवृत हो गए। बृहस्पतिवार को दोपहर के बाद स्कूल में उनका विदाई समारोह आयोजित किया गया।
गमगीन माहौल में विदाई
सर को विदाई देते हुए माहौल भावुक हो गया और स्कूली बच्चों के बीच से सिसकियां उभरने लगीं। देखते ही देखते सिसकियां ले रहे बच्चे गुरु जी की जुदाई को लेकर दहाड़ें मार-मारकर रोने लगे। थोड़ी देर के लिए पूरा स्कूल विलाप में डूब गया।
प्रधानाध्यापक काली चरन ने विद्यालय को नए आयाम दिए
प्रधानाध्यापक के पद पर रहते हुए काली चरन ने विद्यालय को नए आयाम दिए। जिले से लेकर खंड स्तर की प्रतोगिताओं में उनके छात्रों ने सबसे ज्यादा पुरस्कार जीते। शैक्षिक भ्रमण के जरिये बच्चों को नई-नई और मुफीद जनकारियां देने में भी वह अग्रणी रहे।