Kanpur Dehat: संरक्षित पशु की हत्या का मामला, मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली, पांच गिरफ्तार
चतुरीपुरवा के जंगल में संरक्षित पशु की हत्या की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। इस दौरान बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने पांच को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो क्विंटल मांस, मवेशी काटने के उपकरण, एक तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद हुआ है।
विस्तार
कानपुर देहात में चतुरीपुरवा के जंगल में संरक्षित पशु की हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस पर शुक्रवार की रात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, दो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। उन्हें शनिवार को दिन में मुगलरोड पर चपरघटा पुल से गिरफ्तार कर लिया गया। सूचना पर एसपी व एएसपी ने मौके पर जांच की है। मूसानगर थानाध्यक्ष कपिल दुबे ने बताया कि आए दिन चतुरीपुरवा के जंगल में संरक्षित मवेशी की हत्या की जानकारी मिल रही थी।
इस पर शुक्रवार की रात पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसकी जानकारी पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। वहीं, पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल समेत तीन बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
पूछताछ में उनकी पहचान मूसानगर के फत्तेपुर निवासी मुदस्सिर उर्फ चीनिया, मो. सफी व साहिबे आलम के रूप में हुई। गोली लगने से घायल मुदस्सिर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपियों ने बताया कि उनके दो साथी जावेद निवासी फत्तेपुर व समीम निवासी ग्राम कोरों थाना घाटमपुर कानपुर नगर अंधेरे में फरार हो गए हैं।
पुलिस ने ये बरामद किया
मौके से दो क्विंटल मांस, मवेशी काटने के उपकरण, एक तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद किया गया है। सूचना पर रात में घटनास्थल पर पहुंचे एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति व एएसपी घनश्याम चौरसिया ने छानबीन की। इसके बाद शनिवार को दिन में पुलिस ने जावेद व समीम को मुगलरोड पर चपरघटा पुल से गिरफ्तार कर लिया।
कई थानों में दर्ज हैं केस
पुलिस के अनुसार चीनिया के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर के तहत सात मुकदमे मूसानगर थाने में दर्ज हैं। वहीं, सभी आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और जान से मारने के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चतुरीपुरवा के जंगल में संरक्षित मवेशी की हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। तीन बदमाशों को मौके से और दो को चपरघटा पुल से गिरफ्तार किया गया है। -बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी