Kanpur: आईआईटी से रामादेवी तक चलेगा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, 87 कब्जेदारों को नोटिस…चलेगा बुलडोजर
Kanpur News: शहर में आईआईटी से रामादेवी तक जीटी रोड के दोनों तरफ अवैध कब्जे हटाने के लिए अभियान शुरू किया गया है। आईआईटी की तरफ से अवैध कब्जे चिह्नित किए जा रहे हैं। नोटिस भी दिए जा रहे हैं।
विस्तार
कानपुर में जीटी रोड के किनारे आईआईटी से रामादेवी तक अवैध कब्जे कर बनाए गए मकान, दुकान, रेस्टोरेंट आदि पर बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। एनएच पीडब्ल्यूडी ने गुरुवार को आईआईटी से एनएसआई तक 256 अवैध चिह्नित किए हैं। बुधवार को 87 अवैध कब्जों पर नोटिस भी चिपकाया गया। मुनादी कर तीन दिन में कब्जे खुद तोड़ने को कहा गया है।
इसके बाद 29 जून से विभाग बुलडोजर चलाएगा और हर्जाना भी वसूलेगा। उधर, शाम को अवैध कब्जेदारों ने बैठक कर कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया है। आंदोलन की धमकी भी दी है। अवैध कब्जे ध्वस्त करने के लिए सर्वे और नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले चरण में आईआईटी गेट के सामने वाली पट्टी और एनएसआई तक 256 अवैध कब्जे चिह्नित किए हैं।
एनएच पीडब्ल्यूडी की टीम अवैध कब्जेदारों को नोटिस देने पहुंची तो दुकानदारों सहित अन्य अवैध कब्जेदारों ने नोटिस लेने से इन्कार कर दिया। दस्ते में शामिल अभियंताओं ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद 87 अवैध निर्माणों पर नोटिस चस्पा किया गया। उधर, दस्ते के लौटने के बाद दुकानदारों सहित अन्य अवैध कब्जेदारों ने आईआईटी गेट के पास स्थित काली माता मंदिर में बैठक की।
लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई लगाकर और निर्माण कराए
पूर्व पार्षद निर्मला मिश्रा का कहना था कि दो साल पहले मेट्रो निर्माण के दौरान उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने उनकी दुकानें, मकान तोड़े थे, जिन्हें बनाकर दिया गया। बाद में लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई लगाकर और निर्माण कराए। यदि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान ही चेतावनी दी गई होती, तो वे लाखों रुपये क्यों लगाते। बैठक में कल्याणपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप पांडेय, विनय कुमार मिश्रा आदि शामिल रहे।
आईआईटी से रामादेवी तक जीटी रोड के दोनों तरफ अवैध कब्जे हटाने के लिए अभियान शुरू किया गया है। आईआईटी की तरफ से अवैध कब्जे चिह्नित किए जा रहे हैं। नोटिस भी दिए जा रहे हैं। गुरुवार को मुनादी भी कराई। जो अवैध कब्जेदार तीन दिन में खुद अवैध निर्माण नहीं तोड़ेंगे, उन्हें जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से पीडब्ल्यूडी तोड़ेगा। अभियान 29 जून से शुरू होगा। -अरुण कुमार जयंत, अधिशासी अभियंता, एनएच पीडब्ल्यूडी