बांदा में चला बुलडोजर: माफिया मुख्तार का सहयोग करने वाले दो ठेकेदारों का अवैध निर्माण जमींदोज
यूपी के बांदा जिले में मंगलवार सुबह बांदा पुलिस द्वारा माफिया मुख्तार अंसारी को संरक्षण व सहयोग देने वाले दो व्यक्तियों के अलीगंज व खांईपार स्थित अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांदा जिले में मंडल कारागार में बंद माफिया मुख्तार अंसारी का सहयोग करने वाले शहर निवासी दो ठेकेदार इफ्तिखार अहमद और रफीकुस्समद के घरों के अवैध निर्माण को जमींदोज करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अफसर भारी फोर्स के साथ मौजूद रहे। सुबह करीब 10:47 बजे कार्रवाई शुरू हुई और दोपहर 12:50 बजे तक चली।
इस दौरान मोहल्लावासियों में हड़कंप रहा। पुलिस विभाग ने सुबह 9 बजकर 29 मिनट पर अपने सोशल मीडिया ग्रुप पर शहर निवासी दो लोगों के घरों का अवैध निर्माण ढहाने संबंधी प्रेस नोट जारी किया था। इसमें दोनों पर मुख्तार अंसारी का सहयोग करने और संरक्षण देने का दावा किया गया। सुबह 10 बजे शहर के बाबूलाल चौराह स्थित पुलिस चौकी पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार, तहसील सदर एसडीएम सुरभि शर्मा, सीओ गवेंद्र पाल, कोतवाल श्याम बाबू शुक्ला और कई थानों की पुलिस जुटी।
यहां से तीन बुलडोजर के साथ पूरा फोर्स मोहल्ला खांईपार निवासी ठेकेदार इफ्तिखार के घर पहुंचा। यहां पर डुग्गी पीटकर इफ्तिखार और उनके परिजनों को बाहर निकाला। सिटी मजिस्ट्रेट व अन्य अफसरों ने घर में घुसकर छानबीन की। इसके बाद आठ मिनट में घर का मेन गेट और उससे सट कर बनी एक दुकान जिसका शटर बंदा था, ढहा दिया। अगली कार्रवाई के लिए टीम मोहल्ला अलीगंज पहुंची। यहां पर ठेकदार रफीकुस्समद के निर्माणाधीन घर के आगे का अवैध निर्माण ढहाया गया।
यह भवन काफी मजबूत बना था। इसे गिराने के लिए दो बुलडोजर लगाए गए। तब जाकर 11:30 बजे से गरजे दोनों बुलडोजर करीब 80 मिनट में अवैध निर्माण को जमींदोज कर सके। कार्रवाई के दौरान मोहल्ले के लोग घरों की छतोंं से झांकते रहे। मोहल्ले के कुछ लोगों के चेहरों पर दहशत भी नजर आई। कार्रवाई को लेकर लोग तमाम तरह की अटकलें भी लगाते रहे।
09.29 बजे- कार्रवाई के संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी।
10 बजे- बाबूलाल चौराहा पर अफसर व फोर्स एकत्रित।
10.20 बजे- पैदल कार्रवाई स्थल की ओर रवानगी की।
10.35 बजे- खाईपार स्थित इफ्तिखार के घर पर पहुंचे।
10.40 बजे- परिजन को घर के अंदर से निकाला गया।
10.47 बजे- एक बुलडोजर से गेट व दुकान गिराना शुरू।
10.55 बजे- मेन गेट, बाउंड्री और दुकान जमींदोज कर दी।
11.05 बजे- मोहल्ला अलीगंज के लिए रवानगी की गई।
11.20 बजे- रफीक के निर्माणाधीन घर के पास पहुंचे।
11.25 बजे- पड़ोस के घर के सदस्यों को बाहर निकाला।
11.30 बजे- दो बुलडोजर से अवैध निर्माण गिराना शुरू।
12.50 बजे- पोल, दीवार व लिंटर गिरा, कार्रवाई समाप्त।