Hardoi News: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, हेलमेट होता तो बच जाती जान, बहन की शादी में शामिल होने आया था भाई
पिहानी थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरदोई जिले के पिहानी-चपरतला मार्ग पर शनिवार की शाम सआदतनगर गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की परिस्थितियां देख कर लगता है कि यदि हेलमेट होता, तो बाइक सवार की जान बच सकती थी। हादसे को लेकर परिजनों में मातम छाया हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राभा के मजरा रेलाखेड़ा निवासी जयपाल (26) पुत्र गंगाराम लुधियाना में मजदूरी करता था। 30 मई को हो रही बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह पत्नी और बच्चों के साथ गांव आया था। शनिवार शाम जेवर आदी लेकर जहानीखेड़ा से वापस गांव लौट रहा था।
सआदतनगर गांव के पास उसकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मौके पर पहुंचे एसआई मोहम्मद अजीम ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। यदि सर पर हेलमेट होता, तो उसकी जान बच सकती थी।
आभूषणों का बैग वापस कर पेश की ईमानदारी की मिसाल
हादसे के बाद मृतक के पास मौजूद जेवरात का बैग सआदतनगर पुलिस सहायता केंद्र पर तैनात हल्का इंचार्ज मोहम्मद अजीम खां व कांस्टेबल गंगा सिंह, दिलीप कुमार, हरबान सिंह, संजीव कुमार ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस कर्मियों ने परिजनों के पहुंचने पर सारे जेवरात से भरा बैग मृतक के परिजनों को सौंप कर ईमानदारी की, जो मिसाल पेश की, उसकी हर कोई प्रशंसा कर रहा है।
मातम में तब्दील हुईं शादी की खुशियां
मिली जानकारी के अनुसार, जयपाल की बहन का 30 मई को विवाह था, जिसमें शामिल होने के लिए ही वह लुधियाना से वापस घर आया था और तैयारियों में व्यस्त था। जेवरात लेकर आते समय हादसे में दुल्हन के भाई जयपाल ने जान गंवा दी। इस अचानक हुई घटना से शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। बहन की डोली को कंधा देने आए भाई की अर्थी उठने की तैयारियों के मंजर ने हर किसी की आंख नम कर दीं।