दुल्हन का सात फेरे लेने से इनकार: कम चढ़ावे को लेकर हुई कहासुनी, दूल्हे के भाई ने उठाया हाथ
विशुनगढ़ में शादी के दौरान नाटकीय घटनाक्रम ने खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। दरअसल, चढ़ावे में कम सामान होने पर दूल्हे के भाई ने दुल्हन के पिता पर हाथ उठा दिया। इससे नाराज दुल्हन ने सात फेरे लेने से इनकार कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले के विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में वरमाला के बाद वर पक्ष की ओर से कम आए चढ़ावे को लेकर हुई कहासुनी के दौरान दूल्हे के भाई ने दुल्हन के पिता पर हाथ उठा दिया। इससे नाराज दुल्हन ने मंडप में सात फेरे लेने से पहले ही शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन को मनाने के लिए करीब आठ घंटे तक दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चलते रहे, लेकिन बात नहीं मानी। आखिरकार बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
बता दें कि शुक्रवार को कस्बे में पानी की टंकी के पास रहने वाली एक युवती की बरात इटावा जनपद के एक गांव से आई थी। बरात के द्वारचार के बाद वरमाला तक सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। तारों की छांव में भांवर से पहले जब वर पक्ष ने चढ़ावा वधू पक्ष को सौंपा, तो चढ़ावा कम देख वधू पक्ष भड़क गया। इसके बाद कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें, तो दूल्हे के बड़े भाई ने दुल्हन के पिता पर हाथ चला दिया। यह दृश्य देख दुल्हन बुरी तरह से बिफर गई और शादी से इंकार कर दिया।
इसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले को समझा। पहले तो दुल्हन को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। इसके बाद लगभग आठ घंटे तक दोनों पक्षों में हुई बातचीत के बाद समझौता हो गया और बरात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा। थानाध्यक्ष किशन पाल सिंह ने बताया कि चढ़ावे को लेकर विवाद हुआ था। अब दोनों पक्षों में समझौता हो गया है और बरात वापस लौट गई है।