UP News: BJP के जिला संयोजक ने काटी हाथों की नस, वाट्सएप पर शेयर किया सुसाइड नोट, लिखा- सिर्फ एक है जिम्मेदार
Hardoi News: भाजपा के जिला संयोजक अशोक सिंह लालू ने वाट्सएप ग्रुप में सुसाइड नोट शेयर किया। इसके बाद दोनों हाथों की नस काट ली। सुसाइड नोट देखकर कई लोग उनके घर पहुंचे और अस्पताल ले गए। यहां इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।
विस्तार
हरदोई जिले में भाजपा के जिला संयोजक अशोक सिंह लालू ने दोनों हाथ की नस काटकर जान देने का प्रयास किया। इससे पहले उन्होंने कई वाट्सएप ग्रुपों पर सुसाइड नोट भी शेयर किया। इसमें उन्होंने अपने एक परिचित पर ब्लैकमेलिंग और लेनदेन का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा के जिला संयोजक अशोक सिंह लालू ने नस काटने से पहले वाट्सएप ग्रुपों में सुसाइड नोट भी शेयर किया था। ग्रुप में सुसाइड नोट देखकर लोग उनके घर पहुंचे और आनन-फानन एक निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को संबोधित सुसाइड नोट में अशोक सिंह लालू ने लिखा है कि मैं अपनी जीवन यात्रा समाप्त कर रहा हूं। इसके लिए गोपी कृष्ण शुक्ला को जिम्मेदार बताया है। आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्ति ने ब्लैकमेल करके 10 से 12 लाख रुपए हड़प लिए हैं।
दोनों के बीच दशक से है साझेदारी
भाजपा संयोजक का दवा व्यवसाय है। बताया जा रहा है कि अशोक कुमार सिंह और गोपी कृष्ण शुक्ला की एक दशक से पार्टनरशिप में यह व्यवसाय कर रहे हैं। इस दौरान रुपयों को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस क्षुब्ध होकर अशोक सिंह ने यह कदम उठाया है।
मामले में अभी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत आती है, तो उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना का संज्ञान लेते हुए जांच पड़ताल शुरू की गई है। -संजय कुमार पांडे, शहर कोतवाल