भाजपा पार्षद ने दुकानदार को पीटा: समझौते के बाद पलटा...पुलिस कमिश्नर से शिकायत, बोला- परिवार को है जान का खतरा
Kanpur News: मंगलवार को दुकानदार फिर से पार्षद के विरोध में पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंच गया। पुलिस कमिश्नर को दी गई अर्जी में पूनम ने बताया की वार्ड 62 के पार्षद सत्ता के अहंकार में चूर होकर लगातार धमकी दे रहे हैं।
विस्तार
कानपुर में चकेरी में सिगरेट के रुपयों को लेकर हुए विवाद में दुकानदार को पीटने के मामले में वार्ड 62 के भाजपा पार्षद भवानी शंकर राय व उनके साथियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पार्षद से समझौता कर चुका दुकानदार मंगलवार को इससे पलट गया।
पीड़ित दुकानदार अभय गुप्ता अपनी पत्नी पूनम के साथ पुलिस कमिश्नर के कार्यालय पहुंचा और पार्षद व उनके सहयोगियों पर धमकाने का आरोप लगाया शिकायत की है। रविवार देर रात सिगरेट लेनदेन के विवाद में पार्षद ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकानदार व उसके पिता को पीटा था।
दुकान के अंदर से वीडियो बना रही दुकानदार की पत्नी ने यह वीडियो सोशल मीडिया वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद घबराए पार्षद भवानी शंकर ने माफी मांग कर दुकानदार से समझौता कर लिया था। लिखित समझौते का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
अहंकार में चूर होकर लगातार धमकी दे रहा था पार्षद
लेकिन पुलिस ने माहौल खराब होता देख पार्षद समेत सात पर रिपोर्ट दर्ज की थी। वहीं, मंगलवार को दुकानदार फिर से पार्षद के विरोध में पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंच गया। पुलिस कमिश्नर को दी गई अर्जी में पूनम ने बताया की वार्ड 62 के पार्षद सत्ता के अहंकार में चूर होकर लगातार धमकी दे रहे हैं।
कांशीराम अस्पताल में मेडिकल कराया है
पूनम ने पार्षद व उनके साथियों से परिवार को खतरा बताया। पीड़ित परिवार को लेकर सपा नेता एवं न्याय संघर्ष समिति के संयोजक अभिमन्यु गुप्ता, संरक्षक पवन गुप्ता पहले पुलिस कमिश्नर ऑफिस और फिर चकेरी थाना पहुंचे। पुलिस ने अभय गुप्ता और उसके पिता संतोष गुप्ता का कांशीराम अस्पताल में मेडिकल कराया है।