Auraiya: गलत दिशा से आए वाहन ने स्कूटी सवार दंपती को कुचला, दर्दनाक मौत
यूपी के औरैया जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार वाहन ने स्कूट सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
औरैया जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के करमपुर हाईवे के पास औरैया से अजीतमल की ओर जा रहे स्कूटी सवार दंपती को सामने से तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार कुचल दिया। गंभीर हालत में घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। अजीतमल निवासी नवनीत (40) पुत्र भगवानदास गुरुवार देर रात पत्नी अंजली (36) के साथ स्कूटी से औरैया से अजीतमल जा रहे थे।
रात 10 बजे के करीब वापस घर जाते समय फतेपुर-करमपुर हाईवे पर गलत दिशा इटावा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में बुरी तरह से घायल दोनों को सड़क पर पड़ा देख वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। घटना की जानकारी पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम के साथ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को औरैया शहर के 50 शैया अस्पताल लाया गया। यहां पर इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के छोटे भाई नितिन ने पुलिस को बताया कि पिता घड़ी की दुकान किए हैं। कुछ दिन पहले बहनोई का बीमारी से निधन हो गया था। इसी को लेकर भाई उनके घर आते जाते थे। गुरुवार शाम को औरैया गए हुए थे। कोतवाली प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि गलत दिशा से आए वाहन की वजह से हादसा हुआ है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।