Auraiya Crime: किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, मंदिर के पास झाड़ियों में नग्न अवस्था में पड़ी मिली, तीन पर मुकदमा
यूपी के औरैया में किशोरी से दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
विस्तार
औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी को शुक्रवार देर रात तीन लोग घर से उठाकर एक मंदिर के पास एकांत जगह पर ले गए, जहां पर तीनों आरोपियों ने किशोरी से दुष्कर्म किया और बेहोशी की हालत में उसे छोड़कर भाग गए। परिजनों को शनिवार सुबह मंदिर के पास झाड़ियों में नग्र अवस्था में किशोरी को पड़ी मिली। परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ समेत अछल्दा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़िता से पूछताछ कर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
अछल्दा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात को बेटी, अपनी मां व भाई के साथ मकान के बरामदे में सो रही थी। तभी देर रात को गांव के गौरी, नेपाली उर्फ देवेश कुमार व कुलदीप किसी तरह बरामदे में आए और बेटी को उठाकर अपने साथ गांव में स्थित एक मंदिर के पास एकांत जगह पर ले गए।
आरोप है कि तीनों आरोपियों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोपी बेटी को नग्र अवस्था में छोड़कर मौके से भाग गए। इधर परिजन बेटी को ढूंढ़ते हुए शनिवार सुबह करीब दस बजे मंदिर के पास पहुंचे। यहां पर वह झाड़ियों में नग्न अवस्था में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। यह देख परिजनों के पैरो तले जमीन खिसक गई। होश आने पर पीड़िता ने परिजनों को घटनाक्रम बताया। सूचना पर एएसपी शिष्यपाल, सीओ बिधूना महेंद्र व अछल्दा थानाध्यक्ष दीपक सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता से पूछताछ कर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। वहीं दोपहर में एसपी चारू निगम भी पीड़िता के गांव पहुंचीं और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी गौरी, नेपाली उर्फ देवेश कुमार व कुलदीप के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म व पॉस्को एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।