कानपुर। युवा भोजपुरी महासभा के तत्वावधान में शनिवार को शास्त्रीनगर स्थित छोटे सेंटर पार्क में भोजपुरी महोत्सव का आयोजन हुआ। इसमें पटना से आए गायक व सह अभिनेता आर्यन बाबू ने अपनी सुरीली आवाज और लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
आर्यन ने पारंपरिक भोजपुरी गीत गरीब के अर्जी सुनी बाबा, ममता के सागर माई हमार सुनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद आधुनिक गीत किस्मत में लिखले ना प्यार, दिल तोड़बे आदि की प्रस्तुति दी जिन्हें सुनकर हर उम्र के लोग आनंदित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, पूर्व विधायक अजय कपूर, दिनेश राय, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपू पांडे ने दीप जलाकर किया।
युवा भोजपुरी महासभा के संयोजक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम का उद्देश्य शहर में बसे भोजपुरी भाषा-भाषियों को एकजुट करना है। यहां पर संतोष दुबे, राघवेंद्र मिश्रा, संतोष सिंह, संजय सिंह, निर्भर शंकर सिंह, वात्सेय त्रिपाठी, अक्षय द्विवेदी, हरिओम वर्मा, सोनू पंडित, श्रीकांत मिश्रा, शंभू दुबे, अजीत सिंह, सितेश शर्मा आदि रहे।