Asian Startup Festival: एशिया में फूल स्टार्टअप ने लहराया परचम, एलसीबी फर्टिलाइजर भी हुआ शामिल
इंडोनेशिया में चल रहे फेस्टिवल में आईआईटी के स्टार्टअप फूल ने पूरे एशिया में अपनी धाक जमाई है। यही नहीं, एलसीबी फर्टिलाइजर स्टार्टअप भी शामिल हुआ है। बता दें कि यह फेस्टिवल 30 अक्तूबर तक चलेगा, जिसमें पूरे एशिया से टॉप स्टार्टअप को अपनी तकनीक का प्रदर्शन करने का मौका मिल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर शहर के फूल और एलसीबी फर्टिलाइजर स्टार्टअप ने एशिया भर में परचम लहराया है। इंडोनेशिया में चल रहे एशियन स्टार्टअप फेस्टिवल में दोनों स्टार्टअप ने अपना स्टॉल लगाया है। देश से कुल 27 स्टार्टअप फेस्टिवल में शामिल हुए है। दो स्टार्टअप शहर के और पांच स्टार्टअप प्रदेश के हैं।
27 से 30 अक्तूबर के बीच चलने वाले इस फेस्टिवल पूरे एशिया से टॉप स्टार्टअप को अपनी तकनीक का प्रदर्शन करने का मौका मिलता है। इस बार भी आयोजित फेस्टिवल में अलग-अलग देशों से टॉप स्टार्टअप को आमंत्रित किया गया है।
आईआईटी के स्टार्टअप इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर के प्रभारी प्रो. अंकुश शर्मा ने बताया कि फेस्टिवल में प्रतिभाग करने वाले स्टार्टअप को ग्लोबल मार्केट में अपनी तकनीक का प्रदर्शन करने का मौका मिलता है। इससे वे अपनी तकनीक में और सुधार करने के साथ वैश्विक बाजार प्राप्त कर सकते हैं।
ये हैं दोनों स्टार्टअप
फूल: अंकित अग्रवाल के इस स्टार्टअप में धार्मिक स्थलों पर चढ़ने वाले फूलों को रीसाइकिल कर इकोफ्रेंडली अगरबत्ती, धूपबत्ती व थर्माकोल तैयार किया जाता है। कंपनी ने वातावरण व चेहरे को लाभ पहुंचाने वाले रंग भी बनाए हैं। कंपनी ने फूलों से लेदर का विकल्प फ्लेदर विकसित किया है। इसकी गुणवत्ता लेदर के समान है।
एलसीबी फर्टिलाइजर: अक्षय श्रीवास्तव अपने स्टार्टअप में जैविक खाद तैयार कर रहे हैं, जो पौधों को जीवाणु के माध्यम से सभी पोषक तत्व मुहैया कराता है। इस खाद के उपयोग से खेतों में पानी की बचत के साथ पैदावार में वृद्धि होती है। इन्होंने अभी एक कैप्सूल भी विकसित किया है, जिसके प्रयोग से 35 दिन तक पौधों को खाद-पानी देने की जरूरत नहीं होती है।