Irfan Solanki: सपा विधायक के सहयोगियों के भी निरस्त होंगे शस्त्र लाइसेंस, पुलिस ने शुरू किया असलहों का सत्यापन
जिलाधिकारी से पैरवी कर लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए पुलिस ने असलहों का सत्यापन शुरू किया है और जल्द डीएम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
विस्तार
सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके सहयोगियों को जारी किए गए असलहों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए कमिश्नरी पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम जाजमऊ आगजनी में शामिल आरोपियों के पास असलहों की जानकारी जुटाने में लगी है।
जेसीपी का दावा है कि जल्द ही डीएम के यहां पैरवी करके लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जाजमऊ डिफेंस कॉलोनी निवासी नजीर फातिमा के घर आगजनी के मामले में पुलिस ने सपा विधायक इरफान सोलंकी, उनके भाई रिजवान और अन्य सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
इस बीच फर्जीवाड़ा करके हवाई यात्रा करने के मामले में एक और मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसके बाद सपा नेत्री नूरी शौकत का पूरा परिवार पुलिस की रडॉर पर आ गया था। इस मामले में नूरी शौकत समेत उनके पिता शौकत अली, भाइयों समेत विधायक के साले को जेल भेजा गया था।
विधायक और उनके रिश्तेदारों के पास हैं 15 असलहे
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि सपा विधायक और उनके रिश्तेदारों के पास कुल 15 असलहे हैं। विधायक के कई मददगारों के नाम सामने आए हैं, जिन पर कई मुकदमे दर्ज हैं। उनके पास भी असलहों की जानकारी मिली है।
इनमें से नूरी शौकत के परिवार समेत कुछ हिस्ट्रीशीटरों के असलहा लाइसेंसों की जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय पुलिस को कहा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस उन सभी के असलहों को निरस्त कराने के लिए पैरवी करेगी। साथ ही, जल्द से जल्द निरस्तीकरण होगा।
डीएम ऑफिस भेजी जाएगी रिपोर्ट
2003 व 2004 में विधायक सोलंकी ने रायफल तो 2005 में दोनाली बंदूक का लाइसेंस लिया था। रिजवान सोलंकी के पास रायफल, पिस्टल का लाइसेंस है। विधायक की पत्नी के नाम 2006 और 11 में दो असलहों के लाइसेंस लिए गए थे।
वहीं, फरहान और इमरान के नाम से भी असलहों का लाइसेंस लिया गया था। करीब 15 असलहों के लाइसेंस इनके परिवार के पास थे। विधायक, रिजवान पर आपराधिक मुकदमा दर्ज है। इसके साथ रिजवान उन्नाव से भूमाफिया भी घोषित है। इनके लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम ऑफिस रिपोर्ट भेजी गई थी।