रामलीला में सिपाहियों और पीआरडी जवान की पिटाई: भीड़ को नियंत्रित करने में लगे थे जवान, अराजकतत्वों ने जमकर पीटा
राजापुर कस्बे में चल रही रामलीला में अराजकतत्वों ने सिपाहियों और पीआरडी जवान की पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी वायरल होने के बाद पुलिस अराजकतत्वों की तलाश कर रही है।
विस्तार
चित्रकूट जिले के राजापुर कस्बे में चल रही रामलीला के दौरान भीड़ को नियंत्रण करने पर कुछ अराजकतत्वों ने दो सिपाही व एक पीआरडी के साथ मारपीट की। इससे रामलीला देख रहे दर्शकों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी पहुंचे, तो अराजकतत्व भाग खड़े हुए।
इस मामले का एक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसकी जांच कराई जा रही है। बता दें कि इन दिनों कस्बे में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार की रात को सीताहरण रामलीला का आयोजन किया जा रहा था। राजापुर कस्बे सटे गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण रामलीला को देखने आए थे।
भीड़ अधिक होने पर दो सिपाहियों व एक पीआरडी जवान दर्शकों को बैठाने लगे। इससे दौरान कुछ अराजकत्व आ गए और पुलिसकर्मियों की बात मानने से इनकार किया। इस बात को लेकर सिपाहियों से किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। कुछ देर में वे दोनो सिपाहियों व पीआरडी के साथ मारपीट करने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सिपाहियों को रामलीला के मैदान से खींचकर सोनहटी मोहल्ले ले गए। वहां भी उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना से रामलीला मैदान में अफरातफरी मच गई। दर्शक उठकर अपने घर जाने लगे। इस बात की जानकारी होने पर थानाध्यक्ष राजापुर दीपेंद्र सिंह फोर्स के साथ पहुंचे।
उनके पहुंचते ही अराजकतत्व भाग खड़े हुए। थानाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के समय का वीडियो मिल गया है, जिसके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि मामले में पूछताछ की जा रही है। अराजकतत्वों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।