Akshaya Tritiya: आठ साल बाद अक्षय तृतीया पर नहीं होंगे मांगलिक कार्य, जानिए कब तक अस्त रहेंगे गुरु और शुक्र
इस साल गुरु और शुक्र के अस्त रहने से अक्षय तृतीया (10 मई) पर शादियों का मुहूर्त नहीं है। इससे पहले 2016 में शुक्र अस्त होने से अक्षय तृतीया पर शादी का मुहूर्त नहीं था। गुरु छह मई से तीन जून तक अस्त रहेगा। वहीं, शुक्र 29 अप्रैल से 28 जून तक अस्त होगा। इस कारण मई और जून में शादी सहित किसी भी मांगलिक कार्य के लिए मुहूर्त नहीं होंगे।
विस्तार
वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को अक्षय तृतीया कहा जाता है। इस दिन मूल्यवान वस्तुओं की खरीदारी और दान-पुण्य का कार्य शुभ माना गया है। विशेषकर सोना खरीदना, सबसे ज्यादा शुभ होता है। अक्षय तृतीया पर स्वयंसिद्ध मुहूर्त होने के कारण विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन आदि मांगलिक कार्यों के लिए मुहूर्त की जरूरत नहीं होती। आठ वर्ष बाद ऐसा संयोग बन रहा है, जब अक्षय तृतीया के दिन गुरु और शुक्र के अस्त होने के कारण मांगलिक कार्यों पर पाबंदी रहेगी।
इसमें विवाह, गृह प्रवेश, नई वधू का गृह प्रवेश, जनेऊ व मुंडन शामिल हैं। इस दिन केवल अन्नप्राशन, नामकरण के साथ दुकान, वाहन, स्वर्ण और चांदी क्रय विक्रय हो सकता है। अक्षय तृतीया का मुहूर्त 10 मई को सुबह चार बजकर 17 मिनट से प्रारंभ होगा। वहीं, समापन 11 मई को सुबह दो बजकर 50 मिनट पर होगा।
ज्योतिष सेवा संस्थान के संस्थापक व अध्यक्ष आचार्य पवन तिवारी के अनुसार इस साल गुरु और शुक्र के अस्त रहने से अक्षय तृतीया (10 मई) पर शादियों का मुहूर्त नहीं है। इससे पहले 2016 में शुक्र अस्त होने से अक्षय तृतीया पर शादी का मुहूर्त नहीं था। गुरु छह मई से तीन जून तक अस्त रहेगा। वहीं, शुक्र 29 अप्रैल से 28 जून तक अस्त होगा। इस कारण मई और जून में शादी सहित किसी भी मांगलिक कार्य के लिए मुहूर्त नहीं होंगे। दोनों ग्रह के उदय होने के बाद नौ जुलाई से विवाह मुहूर्त शुरू होंगे। जुलाई में भी शादियों के लिए सिर्फ छह मुहूर्त हैं। 15 जुलाई को आखिरी विवाह मुहूर्त रहेगा और 17 को देवशयनी एकादशी से चातुर्मास शुरू हो जाएगा। इस कारण दोबारा शादियों पर ब्रेक लगेगा और 16 जुलाई से 11 नवंबर तक कोई मुहूर्त नहीं रहेगा।
अक्षय तृतीय पर चौघड़िया मुहूर्त
चर (सामान्य) - सुबह 05:33 से 07:14 बजे तक
लाभ (उन्नति) - सुबह 07:14 से 08:56 बजे तक
अमत (सर्वोत्तम) - सुबह 08:56 से 10:37 बजे तक
शुभ (उत्तम) - दोपहर 12:18 से 01:59 बजे तक