एक हवाई धमाके से कांप उठे कन्नौज के लोग, घनघनाने लगीं फोन की घंटियां, पुलिस बनी रही चकरघिन्नी
यूपी के कन्नौज जिले में एक हवाई धमाके से पूरा क्षेत्र दहल गया। लोग कांप गए। मकानों के खिड़की-दरवाजे हिल गए। लोग घरों से बाहर निकल भागे। फोन की घंटियां घनघनाने लगीं। लोग पता करने में जुट गए कि आखिर हुआ क्या। कोतवाली पुलिस भी कई घंटे तक इधर-उधर जानकारी के लिए दौड़ लगाती रही। वहीं एलआईयू भी जानकारी करने में जुटी रही।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे आसमान में तेज हवाई धमाका हुआ। इससे पूरा क्षेत्र दहल गया। धमाके की चर्चाएं पूरे दिन होती रहीं। छिबरामऊ कोतवाली पुलिस भी धमाके को लेकर बेचैन दिखी। कोतवाल बलराम मिश्रा के मुताबिक धमाके की आवाज उन्होंने भी सुनी, लेकिन इस बीच सूचना मिली की कांशीराम कॉलोनी के पास धमाका हुआ। वह मौके पर पहुंचे, तब तक फिर सूचना मिली कि सौरिख रोड स्थित बटेश्वरदयाल महाविद्यालय के पास धमाका हुआ है। वह फोर्स लेकर वहां पहुंचे।
आसमान में धमाके के समय एक हवाई जहाज जा रहा था
कॉलेज के प्रबंधक विजय शुक्ला ने बताया कि धमाके के साथ तेज रोशनी और धुआं भी उन्होंने देखा था। आस-पड़ोस के क्षेत्र में कहीं कुछ ऐसा नहीं मिला। उन्होंने बताया कि आसमान में धमाके के समय एक हवाई जहाज जा रहा था। इस बीच बहवलपुर चौकी इंचार्ज राजकुमार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस फोर्स बाबा की बगिया स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचा। यहां भी लोगों ने धमाके की आवाज की पुष्टि की। कहीं कुछ भी अनहोनी होने की जानकारी नहीं हुई।
खुफिया तंत्र भी इस धमाके के बाद से सतर्क हो गया। एलआईयू के निरीक्षक सूचना जुटाने में जुट गए। हालांकि, देर शाम तक कहीं कुछ भी होने की जानकारी नहीं मिली। लोगों ने आशंका जताई है कि किसी मालवाहक वायुयान ने गैस डिस्ट्रॉय की होगी, इसी वजह से तेज धमाका हुआ।