भ्रष्ट पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई: आरोपी चौकी प्रभारी और तीन सिपाही निलंबित, अन्य सात लाइन हाजिर
कुलपहाड़ थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के द्वारा गांजा पकड़ने के बाद आरोपियों से लेनदेन कर छोड़ने का मामला सामने आया है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते ह़ए दोषियों को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
महोबा जिले में कोतवाली कुलपहाड़ के बेलाताल चौकी प्रभारी और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा यह कार्रवाई भारी मात्रा में गांजा पकड़ने के बाद उच्चाधिकारियों को सूचना न देने और आरोपियों से लेनदेन कर छोड़ने के मामले में की गई है। साथ ही चौकी में तैनात सात अन्य सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया है। भ्रष्टाचार के आरोप में एसपी की इस कार्रवाई से लापरवाह पुलिसकर्मियों में खलबली मची है।
चौकी प्रभारी बेलाताल सुनील मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुछ दिन पहले अवैध गांजा पकड़ा था। जिसकी अधिकारियों को जानकारी नहीं दी गई और न ही कोई कार्रवाई की गई। रुपयों का लेनदेन कर आरोपियों को छोड़ दिया गया। इसकी जानकारी एसपी सुधा सिंह को हुई तो उन्होंने मामले की जांच कराई। प्रथम दृष्टया दोषी मिलने पर चौकी प्रभारी सुनील मिश्रा, सिपाही उमाशंकर यादव, कर्मवीर सिंह व प्रताप विक्रम सिंह को मंगलवर को निलंबित कर दिया गया।
इसके अलावा चौकी में तैनात सिपाही रविंद्र यादव, शैलेंद्र त्रिपाठी, नौशाद, उमाशंकर पटेल, विकास सरोज, विनोद कुमार गौतम व बृजेश कुमार को पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है। भ्रष्टाचार के मामले में एक साथ पूरी चौकी पर कार्रवाई होने से पुलिस महकमे में खलबली मची है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि गांजा पकड़ने के बाद रिकवरी नहीं दिखाई गई। आरोपियों को छोड़े जाने पर कार्रवाई की गई है।
विनोद कुमार बने बेलाताल चौकी प्रभारी
एसपी सुधा सिंह ने चार उप निरीक्षकों को इधर से उधर किया है। थाना खन्ना में तैनात विनोद कुमार सिंह को चौकी प्रभारी बेलाताल बनाया गया है, जबकि थाना अजनर के सुखशेखर राही को रिवई चौकी की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा थाना महोबकंठ के एसआई को थाना अजनर व चरखारी में तैनात चेतराम को थाना खन्ना भेजा गया है। इसी तरह पुलिस लाइन में तैनात सिपाही राजकुमार, गिरजाशंकर पांडेय, राजकुमार सिंह, मुकेश कुमार व कुलदीप कुमार को चौकी बेलाताल भेजा गया है।