Fatehpur News: डीएम की बीमार गाय की देखरेख के लगाई गई सात डॉक्टरों की टीम, आदेश वायरल, प्रशासन में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में डीएम साहब की बीमार गाय की देखरेख के लिए सात डाॅक्टरों की टीम लगा दी गई है। इसका सरकारी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इस संदर्भ में डीएम ने एडी प्रयागराज को पत्राचार किया है।
विस्तार
यूपी के फतेहपुर जिले में जिलाधिकारी की गाय को लेकर कार्यवाहक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) का एक पत्र रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें डीएम की गाय की देखभाल के लिए सात चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने का आदेश किया गया है। गोशालाओं में गायों की दुर्दशा के बीच डीएम की एक गाय के लिए सात चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने के आदेश ने तूल पकड़ लिया है।
जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे का कहना है कि पशु चिकित्साधिकारी काम में लापरवाही बरत रहे थे और कुछ दिन पूर्व ही उनके विरुद्घ शासन में पत्राचार किया गया है। इसके चलते ही उन्होंने ऐसा पत्र सोशल मीडिया में वायरल किया है। कार्यवाहक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसके तिवारी के नौ जून के आदेश का पत्र वायरल हुआ है।
इसमें प्रतिदिन के हिसाब से पशु चिकित्साधिकारी भिटौरा डॉ. मनीष अवस्थी, ऐरायां के डॉ. भुवनेश कुमार, उकाथू के डॉ. अनिल कुमार, गाजीपुर के डॉ. अजय कुमार दुबे, मलवां के डॉ. शिवस्वरूप, असोथर के डॉ. प्रदीप कुमार, हसवा के डॉ. अतुल कुमार की ड्यूटी डीएम की गाय की देखभाल में लगाए जाने की बात कही गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी डॉक्टर सनगांव के डॉ. दिनेश कुमार को ड्यूटी के बाद फोन पर जानकारी देंगे।
किसी की अनुपस्थिति पर उस दिन का काम डॉ. सुरेश कुमार कनौजिया दमापुर संभालेंगे। कार्य में शिथिलता बरतने पर की चेतावनी की भी बात लिखी है। डीएम अपूर्वा दुबे ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया है। कार्यवाहक सीवीओ ने मनमाने तरीके से आदेश किया है। आदेश की जांच कर उसे निरस्त किया गया है।