UP: कानपुर व आसपास जिलों में बिजली गिरने से 14 की मौत, तीन दिन चलेगा बूंदाबांदी का दौर..यहां है येलो अलर्ट
Kanpur News: कानपुर और आसपास के जिलों में तेज बारिश के साथ गिरी बिजली ने भीषण तबाही मचाई। इस दौरान फतेहपुर (6), कन्नौज (3), महोबा (3), कानपुर (1) और चित्रकूट (1) मिलाकर कुल 14 लोगों की मौत हो गई।
विस्तार
बारिश के दौरान बिजली गिरने से कानपुर व आसपास के जिलों में मंगलवार को 14 लोगों की जान चली गई। फतेहपुर में छह, कन्नौज और महोबा जिले में तीन-तीन, कानपुर, चित्रकूट में एक-एक लोग की मौत हो गई। फतेहपुर के गाजीपुर निवासी देशराज (75), असोथर निवासी नीरज उर्फ हृदयराम गुप्ता (55) व विपिन रैदास (30), थरियांव निवासी शमा और बहुआ निवासी रवी पाल (36) और उनके पुत्र ऋषभ (14) की बिजली गिरने से मौत हो गई।
कन्नौज के तालग्राम निवासी वीरेंद्र सिसौदिया (60), मझपुरवा निवासी सीता (50), सौरिख क्षेत्र के कठार गांव में सोनी (28) की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। महोबा के थाना खरेला निवासी अरविंद राजपूत (38), चरखारी निवासी रामचरण यादव (70), गुढ़ा निवासी सुप्पन (50) की बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। चित्रकूट के बरगढ़ निवासी रामनाथ उपाध्याय (65) और कानपुर के बिल्हौर निवासी सरोज कुमार यादव (35) ने बिजली की चपेट में आने से दम तोड़ दिया।
यहां है गरज चमक और वज्रपात का येलो अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हरदोई, जालौन, हमीरपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, इटावा व औरैया आसपास के इलाकों में।
प्रदेश में तीन दिन चलेगा बूंदाबांदी का दौर
उत्तरप्रदेश में मौसम ने एकदम से करवट ली है। अगले तीन दिन बूंदाबांदी होने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश के तराई और पश्चिमी जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश देखने को मिली। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वा हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 36 जिलों में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी और वज्रपात की चेतावनी जारी किया है। इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी।