भीतरगांव/घाटमपुर (कानपुर)। पुलिस चौकी साढ़ के सुखइयापुर गांव में जहरीली शराब पीने से हुई दो मौतों के मामले में रविवार को एसएसपी कानपुर ने घाटमपुर कोतवाल जनार्दन प्रताप सिंह राठौर को निलंबित कर दिया है। इधर, शराब कांड का मुख्य आरोपी राहुल यादव और उसका भाई अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। आरोपियों के परिजनों और परिवार की महिलाओं को हिरासत में लेकर घाटमपुर कोतवाली में बैठाया गया है। रविवार को लखनऊ से आबकारी विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल की और सबूत जुटाए।
8 मार्च की शाम गांव के राहुल यादव की परचून की दुकान से देसी शराब खरीदकर पीने के बाद अचानक कुछ लोगों की हालत बिगड़ गई थी। उन्होंने उल्टी-दस्त के साथ ही आंखों से न दिखाई देने की शिकायत की तो परिजन अस्पताल लेकर भागे। इलाज के दौरान वीरेंद्र यादव और शिवशंकर यादव की मौत हो गई। जबकि, चार का इलाज कराया जा रहा है। डीएम और एसएसपी ने देर रात गांवा का दौरा किया। इसके बाद एसएसपी ने साढ़ चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया था। घाटमपुर कोतवाल को भी निलंबित कर दिया। पुलिस की टीमें रातभर आरोपियों की तलाश में छापेमारी करती रहीं। लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लगा। रविवार की दोपहर शवों का पीएम होने के बाद परिजनों ने ड्योढ़ीघाट (महराजपुर) में अंतिम संस्कार कर दिया।