कन्नौज। सुबह से छाए बादल व उत्तर पश्चिम से चलीं तेज बर्फीली हवाओं ने लोगों को पूरे दिन परेशान किया। दोपहर तक सूर्य के दर्शन नहीं हुए। ढाई बजे के आसपास निकली गुनगुनी धूप से लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक 11 से 14 जनवरी के बीच हवाओं के चलने के साथ ही बादल छाए रहेंगे। छिटपुट बारिश की संभावना है। ठंड के चलते गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। ठंड के चलते परिषदीय से लेकर प्राइवेट स्कूलों में छात्र संख्या में गिरावट आई है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 12.06 व न्यूनतम 6.04 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह चार बजे के बाद शुरू हुई कोहरे की धुंध से सब कुछ ढक गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, जीटी रोड सहित अन्य लिंक रोडों पर वाहन चलाने में लोगों को काफी परेशानी हुई। कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कानपुर, लखनऊ पहुंचने में लोगों को घंटों का समय लग गया। धूप न निकलने से बाजार में रौनक दिखाई नहीं दी। दोपहर के बाद धूप खिली। लोग खरीदारी के लिए घरों से निकले। उधर, परिषदीय व प्राइवेट स्कूल खुले रहने के बावजूद ठंड के चलते छात्र संख्या कम रही। सरकारी कार्यालयों में सर्दी के चलते अधिकारियों से लेकर कर्मचारी अपने कमरों में हीटर, ब्लोअर चलाकर काम करने के लिए मजबूर हुए। दुकानदारों ने दुकानें तो खोलीं लेकिन अधिकतर समय आग के पास ही गुजरा। ठंड के चलते ग्राहक काफी कम संख्या में पहुंचे। मौसम विभाग का कहना है कि11 से 14 जनवरी के बीच बादल छाए रहेंगे। छिटपुट बारिश की संभावना है।