Kannauj: असलहा रखकर सोते पुलिसकर्मियों का बनाया वीडियो, कोतवाली में युवक के साथ मारपीट की, पढ़ें पूरा मामला
Kannauj News: एसपी अमित आनंद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। युवक शराब पीकर पीकेट पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर रहा था। कहा कि मारपीट का आरोप है उसकी जांच कराई जाएगी।
विस्तार
कन्नौज जिले में नाइट ड्यूटी के दौरान बेसुध होकर सोते पुलिस कर्मियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस कर्मियों के असलहे जमीन पर रखे हुए हैं। ड्यूटी के दौरान दिख रहे इस नजारे का वीडियो भाजपा के एक कार्यकर्ता ने बना लिया। उसकी यह हरकत पुलिस को नागवार गुजरी।
वीडियो बनाने वाले युवक को पुलिस कोतवाली ले आई। आरोप है कि युवक के साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट भी की। सूचना पर पहुंचे भाजपाइयों ने कोतवाली में युवक को छोड़ने की बात कहते हुए हंगामा किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने तीखी नोकझोंक भी हुई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के चिरैयागंज मोहल्ला के पास स्थित माता फूलमती मंदिर तिराहा के पास गुरुवार की रात कुछ पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी कुर्सी के पास असलहे रखकर बेफिक्र होकर सो रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा के पूर्व बूथ प्रमुख नखासा मोहल्ला निवासी निखिल मिश्रा ने असलहे जमीन पर रखकर सो रहे पुलिस कर्मियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
वीडियो बनता देख पुलिसकर्मियों ने विरोध शुरू कर दिया
वीडियो बनता देख पुलिसकर्मियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। कार्यकर्ता को उठाए जाने की भनक मिलते ही भाजपाई कोतवाली पहुंच गए। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी शरद मिश्रा, सभासद विशाल शुक्ला, नगर महामंत्री शिवेंद्र ग्वाल आदि कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचकर हंगामा करने लगे।
मारपीट का आरोप है उसकी जांच कराई जाएगी
हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर मजिस्ट्रेट के यहां भेज दिया। हालांकि शनिवार को जमानत मिल गई। एसपी अमित आनंद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। युवक शराब पीकर पीकेट पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर रहा था। कहा कि मारपीट का आरोप है उसकी जांच कराई जाएगी।
वीडियो बनाने की मिली सजा
वीडियो बनाने वाले पूर्व बूथ प्रमुख ने बताया कि फूलमती चौराहा पर आना-जाना लगा रहता है। पुलिस कर्मियों के असलहा रखकर बेफिक्र होकर सोते देख वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने पर उसके ऊपर मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया। बताया कि ड्यूटी के दौरान एक ने शराब भी पी रखी थी।