{"_id":"5961260a4f1c1ba05b8b4590","slug":"teacher-dies-due-to-school-bus-crash","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौत
ब्यूरो, अमर उजाला कन्नौज
Updated Sun, 09 Jul 2017 12:05 AM IST
विज्ञापन
सौ शैय्या अस्पताल में विलाप करती मृतक की पत्नी।
- फोटो : Amar ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर के पश्चिमी बाईपास पर गांधी पार्क के सामने स्कूल से घर लौट रहे बाइक सवार शिक्षक को स्कूल बस ने टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बाइक सवार शिक्षक हेलमेट नहीं लगाए थे।
विज्ञापन
नगर के पश्चिमी बाईपास स्थित नईबस्ती सरायगूजरमल निवासी रामप्रकाश पाल (55) पुत्र रामस्वरूप पाल जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम टिलियां ताजपुर स्थित चौधरी गजराज सिंह इंटर कालेज में शिक्षक हैं। शनिवार दोपहर बाद वह स्कूल में शिक्षण कार्य कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह पश्चिमी बाईपास स्थित गांधी पार्क के सामने पहुंचे, तभी एक प्राइवेट स्कूल बस ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह हाइवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग निकला। आसपास के दुकानदारों ने घायल शिक्षक को उठाकर पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
विज्ञापन
एंबुलेंस व पुलिस के पहुंचने के पहले ही शिक्षक ने दम तोड़ दिया। लोगों ने शिनाख्त कर सूचना घर पर दी, जिस पर मृतक का पुत्र विकास पाल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने शव एंबुलेंस से सौ शैय्या अस्पताल भेज दिया। थोड़ी देर बाद अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक महेशचंद्र मिश्रा ने घटना के बारे में परिजनों से जानकारी ली और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
छिबरामऊ। शिक्षक रामप्रकाश पाल मूलरूप से छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंथरा के निवासी थे। इंटर कालेज में नौकरी लगने के बाद उन्होंने नईबस्ती सरायगूजरमल में मकान बनवा लिया और चार बच्चों के साथ वहीं रहने लगे। पिछले साल ही उन्होंने बड़ी पुत्री रश्मि की शादी की है, वह भी प्राइमरी स्कूल में टीचर है और उमर्दा ब्लाक में तैनात है। बड़ा पुत्र विकास बीएड कर रहा है, जबकि छोटा पुत्र अंकित और बेटी मंजू अभी पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे में शिक्षक की मौत से चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। शिक्षक की पत्नी बेसुध होकर गिर पड़ी। जानकारी होने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित कई अन्य शिक्षक भी अस्पताल पहुंचेें।
दुर्घटना का मुकदमा दर्ज
छिबरामऊ (ब्यूरो)। मोहल्ला नईबस्ती सरायगूजरमल निवासी विकास पाल ने नगर के सिटी चिल्ड्रेंस एकेडमी के बस चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। उसने बताया कि चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उसके पिता रामप्रकाश पाल की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रभारी कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।