सपा प्रत्याशी ने आचार संहिता तोड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छिबरामऊ विधानसभा से सपा के घोषित उम्मीदवार व सिटिंग विधायक अरविंद सिंह यादव ने नामांकन के दौरान आचार संहिता का खुला उल्लंघन किया। सपा प्रत्याशी ने अपने एक दर्जन साथियों के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। जबकि नियम पांच लोगों का है। यही नहीं कलेक्ट्रेट गेट के पास बैरियर पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से वाहनों को अंदर ले जाने पर भी बहस हुई और जब वाहन अंदर नहीं जा सके तो वह पैदल ही साथियों के साथ आगे बढ़ लिए। आयोग के निर्देशों का हवाला देकर जब अफसरों से इस बाबत पूछा गया तो वह बयान देने से बचते नजर आए।
चुनाव आयोग के निर्देश हैं कि नामांकन के लिए प्रत्याशी तीन वाहनों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन वाहनों को नामांकन स्थल से दो सौ मीटर की परिधि पर रोक दिया जाएगा। इसके अलावा, मान्यता प्राप्त दल के प्रत्याशी पांच समर्थकों के साथ नामांकन करने के लिए पहुंचेंगे। इन तमाम निर्देशों की परवाह न करते हुए छिबरामऊ से सपा प्रत्याशी अरविंद सिंह यादव अपने साथ सपा नेता गुड्डू सक्सेना, जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, सदर विधायक अनिल दोहरे, सुभाष चंद्र शाक्य, रामवीर बघेल सहित करीब 12 लोगों को लेकर नामांकन करने के लिए पहुंचे।
इस दौरान अंदर प्रवेश कर रहे लोगों की तलाशी तो ली गई लेकिन गेट पर खड़े तिर्वा इंस्पेक्टर आमोद कुमार ने किसी को भी रोकने की कोशिश नहीं की। नामांकन के दौरान भी सभी लोग कक्ष के अंदर बने रहे। छिबरामऊ विधानसभा के रिटर्निंग आफीसर उदयवीर सिंह से जब इस संबंध में पूछा गया तो उनका कहना था कि वह कुछ देख नहीं पाए। उन्होंने एलआईयू विभाग को तलब किया तो एलआईयू ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी चेकिंग की है, रोकने की सिविल पुलिस की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पांच लोगों के कमरे में रहने का आयोग का नियम है। वीडियोग्राफी कराई जा रही है। उसको देखा जाएगा। अभी उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर कार्रवाई होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी से करेंगे शिकायत
कन्नौज। बसपा जिलाध्यक्ष अजय भारती ने कहा कि छिबरामऊ से सपा प्रत्याशी के नामांकन के दौरान प्रशासन उनकी आवभगत में लगा रहा। किसी ने उनके समर्थकों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। वह मामले की शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी व मुख्य निर्वाचन अधिकारी से करेंगे। सपा प्रत्याशी के नामांकन में आचार संहिता का खुला उल्लंघन होता रहा और सभी मूकदर्शक बने रहे।
पति और पत्नी को हथियारों का शौक
सपा के अरविंद सिंह (48) ने हलफनामा देकर बताया कि 29 लाख तीन हजार 571 रुपये कैश हैं। इसके अलावा दो करोड़ 67 लाख की अचल संपत्ति है। उनके पास एक वाहन, 20 ग्राम सोना, 18 लाख कीमत की कृषि योग्य जमीन, गाजियाबाद व लखनऊ में 32 लाख कीमत के प्लाट, पिस्टल, रायफल, दोनाली बंदूक है। इसके अलावा उनकी पत्नी के पास 100 ग्राम सोना, 400 ग्राम चांदी है। एक महंगी कार और रिवाल्वर और रायफल भी है।