बैठने को फर्नीचर नहीं और बन गया परीक्षा केंद्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं गुरुवार से आधी-अधूरी तैयारियों के साथ शुरू हो रही हैं। जिले में 154 परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल में 30304 व इंटरमीडिएट में 23609 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। केंद्रों पर परीक्षा कराए जाने के लिए कराई गई जांच में अधिकारियों ने नकल माफिया के दबाव में आकर आंख मूंदकर परीक्षा केंद्रों की रिपोर्ट लगाई है। तमाम ऐसे केंद्र हैं, जहां छात्रों के बैठने के लिए फर्नीचर नहीं हैं। जलालाबाद ब्लाक में पंचमलाल इंटर कालेज में परीक्षा शुरू होने के एक दिन पहले कारीगर फर्नीचर को दुरुस्त करने में जुटे रहे। ऐसे तमाम केंद्र हैं, जिनमें व्यवस्थाएं नहीं है।
डीआईओएस कार्यालय में सुबह बारह बजे से कक्ष निरीक्षकों को ड्यूटी कार्ड बांटे गए। शहर के लाला श्यामलाल इंटर कालेज में सिटिंग प्लान विधिवत दिखा। छात्र बोर्ड पर अपना रोल नंबर तलाशते नजर आए। जिला स्तर पर गठित कमेटी में तहसील के एसडीएम परीक्षा केंद्रों में सारी व्यवस्थाएं ओके की रिपोर्ट लगाते हैं, लेकिन इन तमाम संसाधनों को नजरंदाज करते हुए रिपोर्ट लगा दी गई है। डीआईओएस केपी सिंह यादव ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में इस बार 53913 परीक्षार्थी बैठेंगे। सभी तैयारियां पूर्ण है। नकल विहीन परीक्षा कराई जाएगी।
3400 टीचर कराएंगे परीक्षा
यूपी बोर्ड की परीक्षा में चौंतीस सौ टीचर लगाए गए हैं। इसमें माध्यमिक से 2900 व बेसिक से 500 टीचरों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी कार्ड सभी को भेज दिया गया है।
154 केंद्रों पर चार उड़नदस्ते
नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए चार उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है। डीआईओएस केपी सिंह यादव के साथ प्रवक्ता अजय कुमार सिंह, महेंद्र सिंह, आरती कटियार, अंजना कटियार की ड्यूटी लगाई गई है। बीएसए एपी सिंह के साथ मो.आदिल नियाज, प्रदीप सक्सेना, रेखा भांतू, योगिता कटियार को लगाया गया है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हूसेपुर के प्रधानाध्यापक शिवमोहन सिंह कुशवाहा के साथ आदित्य गंगवार, अनिल कुमार, श्रद्धा चौहान, अनुपम तिवारी की ड्यूटी लगी है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डयोढ़ा विश्राम सिंह राजपूत के साथ बालजीत वर्मा, गोपाल गुप्ता, सुषमा, आकांक्षा राजपूत की ड्यूटी लगी है। इसके अलावा इन केंद्रों को तीन जोन व चौंतीस सेक्टर में बांटा गया है। यह अधिकारी भी केंद्रों पर छापामारी करेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता टीमों को पिछले चार वर्षों से डीजल के नाम पर 43 हजार रुपये भेजा जाता है।