कन्नौज। साहब, कोटेदार राशन नहीं देते। मांगने पर गाली देकर भगा देते हैं। दूसरे कोटेदार के पास राशन लेने जाने पर उन्हें भी मना कर दिया जाता। यह दर्द सदर ब्लाक क्षेत्र के गांव मायानगर के ग्रामीणों का है। सोमवार को ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट से शिकायत की। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने पूर्ति विभाग को फोन कर जांच करने के निर्देश दिए।
सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे श्याम सुंदर, नीरज कुमार, निर्मला, हरिनाथ, इतवारी लाल, राजेश कुमार, मुन्नी, पूजा, रामकांती, संगीता, जय देवी समेत पचास से अधिक लोगों ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट से फरियाद की। ग्रामीणों ने कहा कि साहब कुछ भी करो, राशन दिला दो। कई माह से राशन नहीं मिला है। कभी राशन मिला भी तो कई यूनिट काट दिए गए। इससे वह लोग परेशान हैं। वह पास के गांव के कोटेदार के यहां जाते हैं तो उन्हें भी मना कर दिया जाता। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट हरीराम ने जिला पूर्ति अधिकारी को फोन कर मामले की जांच करने और राशन दिलवाने के लिए कहा है।