छिबरामऊ/सिकंदरपुर। हाईवे चौड़ीकरण के अंतर्गत सिकंदरपुर में बनवाए जा रहे बाईपास के दोनों ओर सर्विस लेन बनवाए जाने मांग को लेकर किसानों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में कसावा रोड पर बन रहे अंडरपास का निर्माण कार्य रुकवा दिया।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सिंटू दुबे के अगुवाई में इलाके के किसान कसावा रोड पर बन रहे अंडरपास के पास एकत्रित हुए। नेशनल हाईवे अथॉरिटी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। किसानों का कहना था कि बाईपास के दोनों ओर सर्विस लेन न होने से किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में असुविधाओं का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने दोनों ओर सर्विस लेन का निर्माण कराए जाने की मांग करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस संबंध में कार्यदायी संस्था जीआर इंफ्रा के मैनेजर राजेश पांडेय ने बताया कि एक किलोमीटर के अंतर्गत तीन अंडरपास नहीं दिए जा सकते हैं। भगवान के प्रति आस्था को देखते हुए रामलीला मार्ग तक पहुंचने के लिए अंडरपास व सर्विस लेन रोड का आदेश हुआ है। पूरे बाईपास पर सर्विस लेन बनाने का आदेश नहीं है। प्रदर्शन के दौरान छोटे ठाकुर, शिव राजू ठाकुर, अमित सक्सेना, संदीप दिवाकर, रिंकू प्रजापति, प्रदीप कठेरिया, शंकर जाटव, समरपाल, जवाहरलाल, रामचंद्र जाटव पूर्व सभासद, जगदीश दिवाकर मौजूद रहे।