तालग्राम(कन्नौज)। रोहली के मां जहारा देवी मंदिर के कपाट कोरोना संक्रमण के चलते बंद हैं। इस बार मेला भी नहीं लग रहा है। श्रद्धालुओं को रोकने के लिए मंदिर के चारों ओर पुलिस का पहरा है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दर्शन न कर पाने से इन्हें निराश होना पड़ा।
शनिवार को जहारा देवी मंदिर में दर्शन करने के लिए कानपुर, फतेहपुर, मैनपुरी, फर्रुखाबाद समेत कई जिलों से श्रद्धालु पहुंचे। यहां भादों के शनिवार को अनाज चढ़ाने की मान्यता है। मंदिर के कपाट बंद थे। यह शाम तक दर्शन के लिए बैठे रहे। पुलिसकर्मियों ने सभी को वापस कर दिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि दूर दराज से श्रद्धालु आ रहे हैं। इन्हें दर्शन और मेले पर प्रतिबंध की जानकारी नहीं है।