कन्नौज। ओमिक्रॉन को देखते हुए स्वास्थ्य महकमे ने फोकस सैंपलिंग अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को 1639 सैंपल लिए गए। सात दिसंबर तक चलने वाले अभियान में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जांच की जाएगी। इसमें विशेषकर स्कूल, कालेज, निजी नर्सिंग होम, बस स्टाप और रेलवे स्टेशन पर आने वालों की सैंपलिंग की जाएगी।
नोडल अधिकारी डा.बृजेश कुमार शुक्ला ने बुधवार को बताया कि ओमिक्रॉन की आशंका को देखते हुए सैंपलिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। शासन ने प्रतिदिन 2800 सैंपल लेने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभी तक प्रतिदिन 1500 से 2000 के बीच सैंपलिग हो पा रही थी। एक से सात तक मेडिकल कालेज, इंजीनियरिंग कालेज, सरकारी व निजी पालिटेक्निक, सरकारी व निजी आईटीआई, डिग्री कालेज, इंटर कालेज के सभी छात्रों और शिक्षकों व अन्य स्टाफ के सैंपल लिए जाएंगे। इसमें 18 वर्ष से ऊपर के बच्चे शामिल होंगे। इसी तरह मेडिकल स्टोर्स, नर्सिंग होम, सरकारी व निजी अस्पताल में भर्ती मरीज और सभी स्टाफ की सैंपलिंग की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की 34 टीमें सैंपल लेंगी। ये टीमें अस्पतालों के साथ सभी भीड़भाड़ वाले चिह्नित स्थानों पर पहुंचकर सैंपल लेंगी। इनका एंटीजेन टेस्ट में कोविड पाजीटिव मिलता है, उनका आरटीपीसीआर कराई जाएगी। आरटीपीसीआर में पाजिटिव आने पर उसके परिवार और जहां-जहां वह गया है, उसको चिह्नित कर सैंपल लिए जाएंगे। बताया पहले दिन 1639 सैंपल लिए गए।