फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kannauj News ›   मेडिकल कालेज में उपद्रव में 16 नामजद, 30 अज्ञात पर रिपोर्ट

मेडिकल कालेज में उपद्रव में 16 नामजद, 30 अज्ञात पर रिपोर्ट

Sat, 09 Feb 2019 12:10 AM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Sat, 09 Feb 2019 12:10 AM IST
विज्ञापन
मेडिकल कालेज में उपद्रव में 16 नामजद, 30 अज्ञात पर रिपोर्ट
तिर्वा(कन्नौज)। मेडिकल कॉलेज में गुरुवार रात महिला के इलाज को लेकर तीमारदारों और ग्रामीणों द्वारा किए गए बवाल में पुलिस ने 16 नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना में तिर्वा कोतवाली प्रभारी आमोद कुमार सिंह घायल हो गए थे। पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में ले लिया है। घटना में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक मुकदमा मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर की ओर से और दूसरा तिर्वा कोतवाल की ओर से दर्ज कराया गया है। शुक्रवार को एएसपी ने मेडिकल कालेज पहुंचकर डॉक्टरों और अन्य लोगों से जानकारी ली। उधर, सरैया गांव में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा।
विज्ञापन



कोतवाली क्षेत्र के सरैया गांव निवासी आनंद राजपूत के 20 वर्षीय पुत्र उपेंद्र कुमार का गुरुवार शाम को तिलक समारोह था। तिलक लेकर थाना इंदरगढ़ के तिज्जापुर्वा गांव के लोग आए थे। समारोह के दौरान दरवाजे पर डीजे बज रहा था। इसी दौरान वहां से उपेंद्र की दादी सरस्वती (65) पत्नी सोनेलाल निकलने लगीं। डीजे मशीन तक गया तार इनके पैर में छू गया। करंट लगने से यह झुलस गईं। परिजनों ने इन्हें मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में रात करीब साढ़े दस बजे भर्ती कराया। डॉ. नीरज वर्मा ने उपचार शुरू किया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने महिला की मौत की सूचना फैला दी। इस पर सरस्वती देवी के साथ पहुंचे तीमारदार आक्रोशित हो गए। इन्होंने डॉ. नीरज वर्मा पर हमला बोल दिया। मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने बीचबचाव किया तो तीमारदार उनसे उलझ गए। विवाद की सूचना पर मेडिकल कॉलेज के कर्मी व एमबीबीएस के छात्र वार्ड में पहुंच गए। इसी दौरान तीमारदारों की सूचना पर गांव से तीन-चार गाड़ियों से ग्रामीण मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। दोनों के बीच मारपीट होने लगी। आक्रोशित परिजनों ने इमरजेंसी में हंगामा कर यहां रखा फर्नीचर तोड़ना शुरू कर दिया। कॉलेज के कर्मियों ने उपद्रव कर रहे लोगों को बाहर निकाल कर मेन गेट बंद किया। फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे कोतवाल आमोद कुमार को देख उपद्रवी और भड़क उठे। इन्होंने पथराव शुरू कर दिया। इसमें कोतवाल घायल हो गए। साथ में एक वार्ड ब्वॉय भी घायल हुआ। मामला बढ़ता देख कोतवाल ने ठठिया, इंदरगढ़, तालग्राम का फोर्स बुला लिया। इन्होंने उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू किया। पुलिस ने मौके से 16 लोगों को पकड़ लिया। पथराव में पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इधर, शुक्रवार को एएसपी केशवचंद्र गोस्वामी ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर डॉक्टर व कर्मचारियों से पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने कोतवाली पुलिस को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन



कोतवाल आमोद कुमार की तहरीर पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस पर हमला करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इमरजेंसी में तैनात डॉ. नीरज वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने 16 आरोपियों को नामजद व 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ सुबोध कुमार जायसवाल ने बताया कि मौके पर 16 लोगों को गिरफ्तार कर उनकी पहचान कर ली गई है। शेष लोगों की पहचान कर उन्हें भी जेल भेजा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन



इन पर दर्ज हुआ मुकदमा
तिर्वा। मेडिकल कॉलेज में उपद्रव करने के आरोप में पुलिस ने सखौली गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र अशर्फीलाल, प्रेमचंद्र पुत्र रामसहाय, देवेश पुत्र राजेंद्र, राजेंद्र पुत्र गंगाराम, दुर्गेश कुमार पुत्र छुन्नूबाबू, अन्नपूर्णा नगर निवासी कुलदीप सक्सेना पुत्र राजकिशोर, सरैया निवासी कोमल प्रताप पुत्र सोनेलाल, मोरध्वज पुत्र राजन, कायमगंज थाना के लहरा गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र रामप्रकाश, कोतवाली के गाजीपुर्वा गांव निवासी शिवम पुत्र रामसिंह, राजीव कुमार पुत्र शंभूदयाल, अनिल पुत्र रामसिंह, थाना बिल्हौर के बकोठी निवासी संजय पुत्र रामकृपाल, थाना इंदरगढ़ के तिज्जापुर्वा गांव निवासी जगदीशचंद्र पुत्र श्रीराम, उदयवीर पुत्र बनवारीलाल समेत 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

सीओ आवास के समीप खड़े होकर किया पथराव
तिर्वा। उपद्रव के बाद कॉलेज के कर्मियों ने उपद्रवियों को बाहर खदेड़ कर मेन गेट पर ताला लगा दिया। उपद्रवियों ने कॉलेज के सामने सीओ आवास के समीप खड़े होकर पुलिस व कॉलेज कर्मियों पर पथराव किया था। सीओ आवास के बाहर लगा उनका बोर्ड भी उखाड़ दिया था।


पुलिस ने मौके से चार बाइकें बरामद कीं
तिर्वा। घटना के बाद पुलिस ने मौके से चार बाइकें बरामद की हैं। इन्हें सीज किया गया है। कोतवाल ने बताया कि मौके पर मिलीं बाइकें उपद्रवियों की हैं। बाइकों के नंबर के आधार पर उनके मालिकों का पता लगाकर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।


सरैया गांव में छाया सन्नाटा
तिर्वा। उपद्रव के बाद पुलिस ने सरैया गांव पहुंचकर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए। पुलिस को देखकर लोग घर छोड़कर भाग निकले। शुक्रवार को पूरे दिन गांव में सन्नाटा पसरा रहा। गांव में महिलाएं ही अपने-अपने घरों के बाहर दिखाई पड़ीं। गालियों में बच्चे खेलते नजर आए। पुलिस ने उपद्रवियों को पकड़ने के लिए दिन में दो बार दबिश दी। कोई भी हाथ नहीं लगा।

कॉलेज प्रशासन ने बनाई जांच कमेटी
तिर्वा। मेडिकल कॉलेज में विवाद के बाद कॉलेज प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच टीम बनाई है। यह घटना की पूरी जांच कर रिपोर्ट प्राचार्य नवनीत कुमार को देगी। प्राचार्य ने बताया कि जांच कमेटी घटना की जांच कर आख्या प्रस्तुत करेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।


सीसीटीवी कैमरे होते तो पहचान में होती आसानी
तिर्वा। मेडिकल कॉलेज में अराजकतत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए कॉलेज प्रशासन ने जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। कालेज प्रशासन ने ओपीडी के साथ-साथ गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर खानापूरी कर ली। इमरजेंसी वार्ड में कैमरे लगाने की जहमत नहीं उठाई। कई बार ऐसी घटनाएं वार्ड में होती रहती हैं। अगर सीसीटीवी कैमरे वार्ड में लगे होते तो उपद्रवियों की आसानी से पहचान की जा सकती थी।




मेडिकल कॉलेज उपद्रव में 16 नामजद, 30 अज्ञात पर रिपोर्ट
डॉक्टर ने इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ का दर्ज कराया मुकदमा, पुलिस ने 16 हिरासत में लिए, कोतवाली प्रभारी ने पुलिस पर हमला व सरकारी संपत्ति क्षतिग्रस्त करने का दर्ज कराया मुकदमा, गुरुवार रात महिला का इलाज कराने पहुंचे लोगों ने किया था बवाल, कोतवाल हुए थे घायल
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed